नगरीय निकाय चुनाव : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण

0

अजमेर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के अन्तर्गत बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अगरवाला के साथ जिले में विभिन्न स्थानों पर मतदान केन्द्रों एवं स्ट्रॉग रूम का निरीक्षण किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने बुधवार को नगरीय निकाय निर्वाचन के संबंध में निरीक्षण किए। टांटोटी में राजकीय महाविद्यालय स्थित स्ट्रॉग रूम का निरीक्षण किया। रिटर्निंग अधिकारी मदन लाल शर्मा ने व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही टांटोटी नगर पालिका के मतदान केन्द्रों का भी निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त सावर, सरवाड़ एवं केकड़ी नगर पालिका के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।

उन्होंने मतदान केन्द्रों के निरीक्षण के समय मतदान दलों के साथ वार्तालाप किया। निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कहा। आयोग के निर्देशानुसार मॉकपोल से लेकर मतदान समाप्ति तक सावधानी से कार्य करें। प्रत्येक मतदाता की पहचान सुनिश्चित होने के उपरान्त ही मतदान करवाया जाए। मतदाताओं की पहचान आयोग के द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर की जानी चाहिए।

उन्होंने मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए छाया आदि आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए कहा। दिव्यांग एवं बुर्जुग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर एवं सहायक की व्यवस्था रहनी चाहिए। स्थानीय जोनल मजिस्ट्रेट एवं ऎरिया मजिस्ट्रेट को शान्तिपूर्ण मतदान के लिए निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्य करने के निर्देश प्रदान किए। स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। मतदान समाप्ति के पश्चात मतदान सामग्री को जमा करते समय विशेष सावधानी बरते। मतदान दलों के कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

मतगणना के मद्देनजर 5 शिक्षण संस्थानों में 14 सितम्बर को अवकाश

नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, माखुपुरा में स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना स्थल निर्धारित किया गया है। मतगणना के दौरान अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं गणन अभिकर्ताओं के साथ-साथ अधिकारियों एवं कार्मिकों के वाहनों की पार्किंग तथा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित शिक्षण संस्थानों में सोमवार 14 सितम्बर को अवकाश घोषित किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, नसीराबाद रोड, माखुपुरा, अजमेर में नगर निकाय आम चुनाव की मतगणना आयोजित की जाएगी। मतगणना स्थल के आसपास यातायात, वाहनों की पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से माखुपुरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, राजकीय महिला अभियांत्रिकी महाविद्यालय, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में अवकाश रहेगा।