19 से 25 अगस्त तक खेलकूद, संगोष्ठियां, दीपदान और सांस्कृतिक कार्यक्रम
अजमेर। सिन्धुपति महाराजा दाहरसेन की 1357वीं जयंती के अवसर पर अजमेर में 19 से 25 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पारंपरिक खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ महापुरुषों के शौर्य पर संगोष्ठियां, दीपदान, हिंगलाज माता पूजन, देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होंगे। मुख्य कार्यक्रम 23 अगस्त को सिन्धुपति महाराजा दाहरसेन स्मारक, हरिभाऊ उपाध्याय नगर स्थित स्मारक पर होगा।
जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर स्वामी कॉम्पलेक्स स्थित रसोई बैंक्विट हॉल में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जयंती कार्यक्रमों की प्रचार सामग्री का विमोचन किया गया।
समन्वयक महेन्द्र कुमार तीर्थाणी ने बताया कि 19 और 20 अगस्त को वीरांगनाओं सूर्यकुमारी एवं परमल के नाम से सतोलिया और खो-खो प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 21 अगस्त को राणा रतनसिंह के शौर्य पर लोहागल स्थित राजवंश हॉल में संगोष्ठी होगी। इसके संयोजक विक्रम सिंह रहेंगे।
22 अगस्त को रूपलो कोल्ही के बलिदान दिवस के अवसर पर स्मारक पर सुबह 10 बजे संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। वहीं 23 अगस्त को सुबह 9 बजे स्मारक पर देशभक्ति गायन, मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह होगा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में 24 अगस्त की शाम दीपदान एवं पूजन का आयोजन किया जाएगा। 25 अगस्त को सुबह 8.30 बजे महाराजा दाहरसेन जयंती के अवसर पर स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।
बैठक में कंवलप्रकाश किशनानी, विनीत लोहिया, किशोर कुमार मारोठिया, शिव प्रसाद गौतम, चन्द्रभान प्रजापति, पुरुषोत्तम तेजवाणी, रमेश एच. लालवाणी, भैरू गुर्जर, महेश टेकचंदाणी, दुर्गाप्रसाद शर्मा, मुकेश खींची और शैलेन्द्र सिंह परमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



