अजमेर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) अजमेर महानगर की ओर से संगठन विस्तार और समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन के विचारों, उद्देश्यों एवं सेवा गतिविधियों से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे हितचिंतक अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है। अभियान के तहत कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क कर लोगों को संगठन की गतिविधियों से अवगत करा रहे हैं। इसी क्रम में विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री आनंद कुमार ने अजमेर प्रवास के दौरान अभियान की गतिविधियों का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।
प्रखंड अध्यक्ष संदीप बंसल के अनुसार, क्षेत्रीय संगठन मंत्री आनंद कुमार ने अजमेर प्रवास के दौरान विभिन्न फैक्ट्रियों में पहुंचकर श्रमिकों से संवाद किया। उन्होंने श्रमिकों को विश्व हिंदू परिषद के हितचिंतक सदस्यता अभियान, संगठन के उद्देश्यों, सामाजिक गतिविधियों और सेवा कार्यों की जानकारी दी। संवाद के दौरान कई श्रमिकों ने अभियान में रुचि दिखाई और हितचिंतक सदस्यता ग्रहण की।
श्रमिकों एवं समाज के अन्य वर्गों के बीच संपर्क को संगठन विस्तार का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए आनंद कुमार ने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से संगठनात्मक और सामाजिक कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकता है। विहिप का हितचिंतक अभियान प्रत्येक तीन वर्ष में संचालित किया जाता है। इसके माध्यम से समाज के लोगों से संपर्क स्थापित कर उन्हें सांस्कृतिक, सामाजिक और सेवा गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को और गति देने तथा महानगर के प्रत्येक क्षेत्र, गली-मोहल्ले और घर तक संपर्क पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और निरंतर जनसंपर्क से अभियान अधिक प्रभावी बन सकता है तथा समाज की सहभागिता संगठन के सेवा कार्यों को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
महानगर मंत्री कैलाश सिंह भाटी ने बताया कि अजमेर महानगर में हितचिंतक अभियान के तहत कार्यकर्ता निरंतर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। समाज के विभिन्न वर्गों से मिल रहे सहयोग और समर्थन से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। अभियान के दौरान संगठन की गतिविधियों, उद्देश्यों और समाजहित में किए जा रहे कार्यों के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम में विहिप संरक्षक आनंद अरोड़ा, क्षेत्रीय मातृशक्ति संयोजिका अभिलाषा यादव, प्रांत उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस स्नेहलता पंवार, प्रांत सहमंत्री एवं सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश किशन गुर्जर, संजय अरोड़ा, विभाग संगठन मंत्री बनवारी लाल, महानगर अध्यक्ष सीए अजित अग्रवाल, महानगर उपाध्यक्ष विजय सिंह भाटी, महानगर मंत्री कैलाश सिंह भाटी, महानगर बजरंग दल संयोजक चेतन सैनी और प्रखंड-दो अध्यक्ष संदीप बंसल सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



