बूंदी जिले में ग्राम विकास अधिकारी 25 हजार की रिश्वत लेते अरेस्ट

0

बूंदी। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बूंदी जिले में केशवरायपाटन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सखावदा के ग्राम विकास अधिकारी सतवीर सिंह कुमावत को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

एसीबी के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी स्पेशल युनिट कोटा को गत पांच मई को परिवादी ने शिकायत की कि ग्राम पंचायत सखावदा का स्वच्छ भारत अभियान के तहत ठेका लेकर पंचायत के अधीन आने वाले गांवों में कचरा संग्रहण एवं नाली सफाई, सामुदायिक परिसरों की साफ सफाई आदि कार्य के दो महीने के बिलों (एक लाख 50 हजार 377 रुपए) को विकास अधिकारी द्वारा पास करने, सिक्योरिटी राशि वापस दिलवाने तथा पहले से जारी अन्य टेंडर आरआरसी के कार्य को ग्राम पंचायत के अधीन निर्वाध रूप से कार्य करने देने एवं परेशान नहीं करने की एवज मे 25 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की जा रही है।

इस पर रिश्वत मांग पर छह मई को सत्यापन कराया गया जिसमें रिश्वत मांग की पुष्टी हो जाने के बाद गुरुवार को एसीबी टीम ने ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी सतवीर सिहं को परिवादी से 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों केशवरायपाटन पचायंत समिति में गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस परिमला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है।