चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार उस समय विवादों में घिर गई जब अमृतसर में तैनात वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (डीएम) गगनदीप सिंह रंधावा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले रंधावा ने एक 12 सेकेंड का वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने सल्फास खा लिया है और अब वे नहीं बचेंगे।
घटना के सामने आते ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मंत्री लालजीत भुल्लर से इस्तीफा ले लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। पूरे प्रकरण की जांच चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा को सौंपी गई है।
वहीं, लालजीत भुल्लर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि आरोप बेबुनियाद हैं और उन्होंने केवल जांच को प्रभावित न होने देने के लिए इस्तीफा दिया है।
मामले में विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला और अकाली नेता बिक्रम मजीठिया ने आरोप लगाया कि वेयरहाउस टेंडर को लेकर गड़बड़ी हुई थी और मंत्री ने अपने पिता के नाम पर टेंडर डालने की कोशिश की थी।
इधर, मृतक रंधावा के परिवार ने मंत्री के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करने की मांग की है। परिवार ने चेतावनी दी है कि जब तक केस दर्ज नहीं होगा, वे शव नहीं लेंगे। फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है और राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है।



