अजमेर। दरगाह थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल की एक 39 वर्षीय महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पश्चिम बंगाल से प्राप्त जीरो नंबर एफआईआर के आधार पर दरगाह थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में अजमेर निवासी मुबारक तथा कुचामन निवासी कदीर को आरोपी बताया है। महिला का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने 28 और 29 जून 2025 को दरगाह बाजार क्षेत्र स्थित एक होटल और एक बोलेरो वाहन में उसके साथ दो दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति स्वयं को पुलिसकर्मी बताता था। महिला के अनुसार जब उसने विरोध किया और घटना की शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसे रुपये देने का लालच भी दिया गया, जिससे वह भयभीत हो गई।
महिला का कहना है कि किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और बाद में पश्चिम बंगाल में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर वहां से जीरो नंबर एफआईआर अजमेर भेजी गई, जिसके बाद दरगाह थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है तथा पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दरगाह थाना पुलिस ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



