नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी जिसमें विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी उम्मीदवार बनाया गया है जहां उनका मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से होगा।
भाजपा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार घोष को बोलपुर से टिकट दिया गया है। कूचबिहार उत्तर (एससी) सीट से सुकुमार रॉय, सीतलकुची (एससी) से सावित्री बर्मन, दिनहाटा से अजय रॉय और तूफानगंज से मालती रावा रॉय पार्टी उम्मीदवार होंगे। कुमारग्राम (एसटी) से मनोज कुमार ओरांव, कालचिनी (एसटी) से विशाल लामा और अलीपुरद्वार से परितोष दास को टिकट दिया गया है।
अधिकारी ने पिछली बार नंदीग्राम सीट पर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को हराया था। बनर्जी ने भवानीपुर से भी चुनाव लड़ा था और वहां से विजयी रही थीं। इस बार भी भाजपा ने बनर्जी को उनके चुनावी अखाड़े में घेरने की रणनीति बनाई है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की 12 मार्च को हुई बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया था। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। इसमें पश्चिम बंगाल के लिए 144 उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी गई।
भाजपा नेतृत्व का कहना है कि उम्मीदवारों का चयन संगठन की मजबूती, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए किया गया है। पार्टी को उम्मीद है कि मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की योजनाओं के आधार पर राज्य में उसे व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।
चुनाव आयोग ने रविवार को राज्य की 294 सदस्यीय विधान सभा के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। राज्य में दो चरणों- 23 मार्च और 29 मार्च को चुनाव कराये जाएंगे। पहले चरण में 152 और दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। भाजपा पहला दल है जिसने अब तक पश्चिम बंगाल के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता पिछले कुछ दिनों में राज्य का दौरा कर चुनाव अभियान का बिगुल बजा चुके हैं।



