रायपुर में महिला को शराब पिलाकर गैंगरेप, नाबालिग समेत 4 आरोपी अरेस्ट

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने रविवार को महिला को शराब पिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला को आरडी तिवारी स्कूल के मैदान में ले जाकर भी उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले में शिवा, आयुष, दुर्गा के अलावा एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर के चकरभाठा निवासी महिला को आरोपियों ने सरोना शराब दुकान के पास ले जाकर पहले शराब पिलाई। शराब सेवन के बाद महिला सुध-बुध खो बैठी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे ऐसे स्थान पर ले गए, जहां हाइवे के बावजूद सर्विस रोड पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से अंधेरा था। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

आरोपियों ने इसके बाद महिला को आरडी तिवारी स्कूल के मैदान में पहुंचाया। यहां भी उसे शराब पिलाई गई और उसके साथ दोबारा सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता शिकायत दर्ज कराने आजाद चौक थाना पहुंची।

पुलिस ने उसकी शिकायत पर जीरो पर मामला दर्ज किया। चूंकि घटना का क्षेत्र डीडी नगर थाना अंतर्गत आता है, इसलिए प्रकरण को जांच के लिए डीडी नगर पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिवा, आयुष, दुर्गा के अलावा एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।