अलवर के सरकारी अस्पताल में महिला ने एक साथ तीन बेटियों को जन्म दिया

0

अलवर। राजस्थान में अलवर के सरकारी अस्पताल में सोमवार को एक महिला ने एक साथ तीन बेटियों को जन्म दिया।

खास बात यह रही कि तीनों बच्चियों का जन्म सामान्य प्रसव के जरिए हुआ। जन्म के समय तीनों का वजन कम होने के कारण चिकित्सकों ने एहतियात के तौर पर उन्हें नर्सरी वार्ड में मशीन की निगरानी में रखा। लगातार देखभाल के बाद अब तीनों बच्चियां पूरी तरह स्वस्थ हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार किशनगढ़ बास के बृहसिंगपुर निवासी रुकसीना को सात अगस्त को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद चिकित्सकों ने सामान्य प्रसव कराने का निर्णय लिया। प्रसव के दौरान रुकसीना ने एक-एक करके तीन बेटियों को जन्म दिया।

तीनों बच्चियों का वजन सामान्य से कम था। पहली बच्ची का वजन 1440 ग्राम, दूसरी का 1580 ग्राम और तीसरी बच्ची का वजन 1220 ग्राम रहा। कम वजन को देखते हुए तीनों नवजातों को नर्सरी वार्ड में रखा गया, जहां उन्हें मशीनों की निगरानी में रखा गया।

महिला का सामान्य प्रसव कराने में डॉक्टर प्रियांशी, डॉक्टर इंदू और डॉक्टर जसवीर के दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चिकित्सकीय निगरानी में प्रसव कराया गया और जन्म के बाद तीनों नवजातों को तत्काल विशेष निगरानी में लिया गया।

रुकसीना के पति मुस्ताक ने बताया कि इससे पहले उनके एक बेटे का जन्म हुआ था, लेकिन जन्म के बाद उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद एक और बेटे का जन्म हुआ, जो अब करीब पांच वर्ष का है। एक साथ तीन बेटियों के जन्म से रुकसीना और मुस्ताक का परिवार बेहद खुश है और पूरे परिवार में उत्साह का माहौल है।