डीग। राजस्थान में डीग जिले में कामां-पहाड़ी मार्ग पर अंगरावली गांव के पास रविवार को एक अनियंत्रित डंपर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई और एक बच्चा घायल हाे गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कामां-पहाड़ी रोड पर जाम लगा दिया। वे डंपर को जब्त करने और चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के शेरगढ़ थाना क्षेत्र की निवासी पूजा देवी गुर्जर (28) के रूप में हुई है। वह अपने पति जिले सिंह गुर्जर और दो बच्चों के साथ मोटर साइकिल से अपनी ससुराल बादली गांव जा रही थी।
डम्पर की टक्कर लगने से पूजा देवी सड़क पर गिर गईं और डंपर का पहिया उनके ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।



