बड़वानी। मध्यप्रदेश में बड़वानी जिले के खेतिया थाना क्षेत्र में चरित्र पर संदेह और लगातार ताने दिए जाने से कथित तौर पर परेशान 62 वर्षीय महिला ने अपने 65 वर्षीय पति की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी द्वारकी बाई को गिरफ्तार कर लिया है। उसे आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ला ने बताया कि घटना बांद्रिया बड़ गांव में 30 अगस्त की रात हुई। शराब के नशे में दंपती के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, विवाद का कारण मृतक द्वारा लंबे समय से पत्नी के चरित्र पर संदेह करना और उसे ताने देना था। पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि पति के आरोप और तानों से वह मानसिक रूप से परेशान थी।
पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद द्वारकी बाई ने रात में सो रहे पति उधम सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। दंपती के चार बेटे और एक बेटी हैं। चारों बेटे, जिनमें एक दिव्यांग है, रोजगार के सिलसिले में गांव से बाहर रहते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।
हत्या के बाद महिला ने घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। उसने पति के शव को टीन की चादर पर रख दिया और परिजनों तथा ग्रामीणों को बताया कि उधम सिंह टीन के शेड के धारदार किनारे पर गिर गए थे, जिससे उनकी मृत्यु हुई। थाना प्रभारी सुखलाल भंवर के अनुसार महिला ने जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करा दिया और दंपती के दो बेटों के गांव पहुंचने से पहले ही सुबह करीब नौ बजे शव का दाह संस्कार कर दिया गया।
बाद में मृतक के एक बेटे ने एक ग्रामीण के सामने अपने पिता की मौत को लेकर संदेह जताया। शव जिस टीन की चादर पर रखा गया था, उस पर मिले खून के निशानों से भी संदेह गहरा गया। इसके बाद पुलिस ने महिला से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला के बयानों में विरोधाभास मिलने पर उससे लगातार पूछताछ की गई, जिसमें उसने कथित तौर पर पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



