मुंबई। मुंबई पुलिस ने एक नामी एयरलाइंस में काम करने वाली महिला पायलट के साथ छेड़छाड़ के आरोप में कैब ड्राइवर समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
महिला पायलट ने आरोप लगाया है कि जब वह घाटकोपर के लिए एक निजी कैब में जा रही थी, तो ड्राइवर ने दो अनजान लोगों को कैब में बैठा लिया जिन्होंने कथित तौर पर महिला के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
महिला के आरोपों के आधार पर घाटकोपर पुलिस ने ड्राइवर और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस वाहन की सीसीटीवी फुटेज के जरिए घटना का खुलासा करने की कोशिश कर रही है। महिला शिकायतकर्ता घाटकोपर में अकेली रहती है और उसका पति भारतीय नौसेना में कार्यरत है। पुलिस ने आज बताया कि यह घटना उस समय हुई जब महिला अपने पति से मिलने के बाद घाटकोपर जा रही थी।
उसने अपनी शिकायत में कहा कि ड्राइवर ने रास्ता बदलकर कार रोक दी और कार में कुछ अनजान लोगों को बैठा दिया। उनमें से एक आगे की सीट पर बैठ गया जबकि दूसरा महिला के बगल में पीछे बैठ गया। दोनों व्यक्ति लगभग 25 से 30 वर्ष के थे। बगल में बैठे व्यक्ति ने अचानक उसका दाहिना हाथ पकड़ कर मरोड़ दिया। दूसरे व्यक्ति ने उसे अनुचित तरीके से जबरदस्ती छुआ और जब यह सब चल रहा था तब ड्राइवर आराम से टैक्सी चला रहा था।
मुंबई में स्कूल टीचर ने की छात्रा से छेड़छाड़
मुंबई के उपनगर कान्जुरमार्ग में एक शिक्षक के खिलाफ एक छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार 54 वर्षीय आरोपी एक स्थानीय स्कूल में गणित के शिक्षक हैं और यह घटना 20 जून को दोपहर करीब दो बजे से 2:30 बजे के बीच की है जब शिक्षक ने लंच ब्रेक के दौरान छात्रा को गणित विषय में मदद करने के बहाने से बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ की।
पुलिस के अनुसार छात्रा की मां ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी एक स्थानीय स्कूल में पढ़ती है जहां 54 वर्षीय आरोपी आरोपी शिक्षक गणित पढ़ाता है। पुलिस ने बताया कि शिक्षक ने पीड़ित छात्रा को गृहकार्य और गणित विषय में मदद करने के लिए बुलाया और मौके का फायदा उठा कर उसके साथ छेड़खानी की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रा ने स्कूल से घर लौटने के बाद अपनी मां को इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला सामने आया। कान्जुरमार्ग पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75 और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) एक्ट की धारा आठ और 12 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।