धार। मध्यप्रदेश के धार जिले के कुक्षी क्षेत्र में बवासीर का तांत्रिक क्रिया से इलाज करने का झांसा देकर एक महिला से कथित दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुख्य आरोपी तांत्रिक सहित चार लोगों के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता को उसका समधी रेवसिंह तथा सतीपुरा निवासी राकेश मोटरसाइकिल से मनावर बस स्टैंड लेकर पहुंचे। दोनों ने उसे बताया कि ग्राम पिपलिया में धन्नालाल के घर रहने वाला तांत्रिक कैलाश तांत्रिक क्रिया के माध्यम से बवासीर का स्थायी उपचार करता है।
इसके बाद वे महिला को धन्नालाल के घर ले गए। आरोप है कि मकान की ऊपरी मंजिल के एक कमरे में पहले से मौजूद तांत्रिक कैलाश के पास महिला को छोड़कर राकेश, रेवसिंह और धन्नालाल बाहर निकल गए तथा कमरे का दरवाजा बंद कर दिया।
पीड़िता के अनुसार कमरे में तांत्रिक ने उसे आंखें बंद कर चुपचाप बैठने के लिए कहा और धमकाया कि यदि उसने विरोध किया तो तांत्रिक क्रिया उल्टी पड़ जाएगी। इसके बाद उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि घटना के बाद जब उसने बाहर आकर तीनों आरोपियों को आपबीती बताई तो उन्होंने मदद करने के बजाय उसे धमकाया कि यदि उसने किसी को घटना की जानकारी दी तो तांत्रिक क्रिया के जरिए उसे और उसके पति को जान से मरवा देंगे।
इसके बाद पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तांत्रिक कैलाश पिता ज्वारसिंह नर्गेश निवासी खंडलई, राकेश निवासी सतीपुरा, रेवसिंह निवासी ग्राम आमसी तथा धन्नालाल निवासी ग्राम पिपलिया के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
निसरपुर थाना प्रभारी रवि वास्के ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी तांत्रिक की तलाश की जा रही है तथा पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।



