कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ में कोण्डागांव पुलिस ने एक महिला से दुष्कर्म करने के आरोपी को घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने महिला की शिकायत के चार घंटे बाद ही आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस से मंगलवार मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कुशल नेताम (28) भगदेवा गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका परिचय वर्ष 2013 में आरोपी से हुआ था। परिचय होने के बाद आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर प्यार का जाल बिछाया और लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने शादी का वादा कर कई वर्षों तक उसका यौन शोषण किया। पीड़िता की शिकायत पर थाना कोण्डागांव में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी कुशल नेताम को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस को आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिल गए, जिसके आधार पर उसे 16 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।



