कुशीनगर : गर्भपात से इनकार करने पर प्रेमी ने युवती को चलती कार से हाईवे पर फेंका

0

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में कथित रूप से गर्भपात कराने के दबाव को लेकर विवाद के बाद युवती को चलती कार से हाईवे पर फेंकने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में मधुरिया इंटर कॉलेज के समीप गुरुवार शाम हुई इस घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि कोलकाता निवासी 19 वर्षीय युवती दो वर्ष पूर्व एक आर्केस्ट्रा दल के साथ यहां आई थी। इसी दौरान उसकी पहचान क्षेत्र के छहूं निवासी अमजद अली से हुई और दोनों के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध स्थापित हो गए। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर उसने शादी से इनकार करते हुए गर्भपात कराने का दबाव बनाया।

आरोप है कि गुरुवार को अमजद अली अपने एक साथी सद्दाम के साथ कार से युवती को फाजिलनगर ले जा रहा था। रास्ते में गर्भपात को लेकर विवाद हुआ, जिस पर दोनों ने कथित रूप से युवती को चलती कार से धक्का दे दिया और फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर भेजा, जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।

तुर्कपट्टी थानाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि युवती स्वयं को दो माह की गर्भवती बता रही है। कार में विवाद और मारपीट के बाद धक्का देने की बात सामने आई है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।