जीवदया के तहत 200 अशक्त गोवंश को अर्पित किया हरा चारा और गुड़

0

दिगंबर जैन महासमिति महिला एवं युवा महिला संभाग ने किया सेवा कार्य
अजमेर। श्री दिगंबर जैन महासमिति महिला एवं युवा महिला संभाग, अजमेर की सरावगी मोहल्ला इकाई की ओर से जीवदया के तहत नागफानी स्थित आनंद गोपाल गौशाला में सेवा कार्य आयोजित किया गया। इस दौरान 200 अशक्त गोवंश को हरा चारा एवं गुड़ अर्पित कर उनके संरक्षण और सेवा का संदेश दिया गया।

महासमिति की मंत्री सुषमा पाटनी एवं रिंकू कासलीवाल ने बताया कि राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी के आतिथ्य तथा सरावगी मोहल्ला इकाई अध्यक्ष किरण गोधा के सहयोग से उनकी पुत्री आकृति के जन्मदिवस के अवसर पर यह सेवा आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिला सदस्यों ने गोवंश को अपने हाथों से हरा चारा एवं गुड़ खिलाकर जीवदया का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी ने कहा कि मूक प्राणियों की सेवा और संरक्षण से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि जीवों के प्रति करुणा और सेवा भाव ही मानवता की सच्ची पहचान है। गोवंश की सेवा का यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी है।

सरावगी मोहल्ला इकाई की मंत्री राखी जैन ने सेवा कार्य में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि हीरामणि जैन, रेनू पाटनी, मंजुला जैन, खुशी जैन, आकांक्षा जैन, प्रतीक जैन, गरिमा रावका सहित 40 से अधिक महिला सदस्यों ने गोवंश को हरा चारा अर्पित कर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम से पूर्व महासमिति की ओर से विशिष्ट सदस्य मंजुला जैन का ज्योतिष विद्या के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने पर प्राप्त दादा साहेब फाल्के पुरस्कार के लिए सम्मान भी किया गया। आयोजन में उपस्थित सदस्यों ने जीवदया के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।