पीसीसी में राजस्थान के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की कार्यशाला संपन्न

अजमेर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की और से गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा गांधी भवन जयपुर में राजस्थान के नवनिर्वाचित ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें अजमेर उत्तर के ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल व वाहिद मोहमद तथा अजमेर दक्षिण के ब्लॉक अध्यक्ष निर्मल बैरवाल व पवन ओड भी शामिल हुए।

इस कार्यशाला में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी वीसी के जरिए शामिल हुए तथा ब्लॉक अध्यक्षों को संबोधित किया। राजस्थान के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, एआईसीसी महासचिव मोहन प्रकाश, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, सह प्रभारी अमृता धवन व वीरेंद्र सिंह राठौड़, पंजाब के प्रभारी हरीश चौधरी व पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने ब्लॉक अध्यक्षों को संबोधित किया।

इन नेताओं ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव तक अपना संपूर्ण समय कांग्रेस पार्टी को देना है तथा आमजन के बीच जाकर कांग्रेस पार्टी की रीति निति व राजस्थान सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार कर वास्तविक जरूरतमंद लोगों को लाभ पहुंचाना है। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस संगठन में ब्लॉक अध्यक्ष पद सबसे महत्वपूर्ण व जिम्मेदारी वाला पद होता है क्योंकि वो आमजन, कांग्रेस कार्यकर्ताओ व संगठन के नेताओं के मध्य महत्वपूर्ण कड़ी होता है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उपस्थित ब्लॉक अध्यक्षों को आगामी चुनाव व संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए कई कार्य योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। कार्यशाला का संचालन प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामन्त्री ललित तूनवाल ने किया।

अजमेर से गए चारों ब्लॉक अध्यक्षों ने रंधावा, डोटासरा, मोहन प्रकाश, पायलट, राठौड़, अमृता धवन, चौधरी व कल्ला का तिरंगा दुपट्टा व सूत की माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यशाला संपन्न होने के पश्चात चारों ब्लॉक अध्यक्षों ने आरटीडीसी चेयरमेन धर्मेंद्र राठौड़ व कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष हेमसिंह शेखावत से मुलाकात की तथा दुपट्टा व सूत की माला पहनाकर उनका भी स्वागत किया।