फिरोजाबाद के होटल में युवती से रेप के दौरान मौत, मुख्य आरोपी अरेस्ट

0

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में होटल में युवती से दुष्कर्म के दौरान हालत बिगड़ने के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।

पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट, दुष्कर्म और हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार नसीरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की अनुसूचित जाति की युवती गुरुग्राम में नौकरी करती थी। रक्षाबंधन पर घर जाने के लिए वह बुधवार रात गुरुग्राम से शिकोहाबाद अपनी सहेली के पास पहुंची थी। उसने इसकी जानकारी परिजनों को भी दी थी। गुरुवार सुबह परिजनों को पुलिस से युवती की मौत की सूचना मिली। उसका शव एक निजी अस्पताल में मिला था।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को युवती की परिचित सहेली के बारे में जानकारी दी। पूछताछ में सहेली काजल यादव ने पुलिस को बताया कि गुरुग्राम से आने के बाद युवती अपने मित्र राहुल यादव के साथ चली गई थी।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल यादव निवासी विजेंद्र कॉलोनी, शिकोहाबाद को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका दूसरा साथी फरार है।

पुलिस के मुताबिक राहुल युवती को अपने साथ होटल ले गया था, जहां दुष्कर्म के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में चोट लगने के कारण होने की बात सामने आई है।

पूछताछ में राहुल ने युवती के साथ पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात पुलिस को बताई है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने राहुल और उसके साथी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट, दुष्कर्म और हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

शुक्रवार को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने राहुल यादव को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता और कथित साजिश के पहलुओं की भी जांच कर रही है।