हनुमानगढ़ में पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क साधने वाला युवक अरेस्ट

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले हनुमानगढ़ टाऊन थाना क्षेत्र में पुलिस ने पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क बनाए रखने और महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने के आरोप में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने शनिवार को बताया कि आरोपी हनुमानगढ़ टाउन के वार्ड नंबर 45 में दशहरा मैदान के पास रहने वाला क्रिश राय उर्फ शान मंडल है।

उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि क्रिश राय ने अपने मोबाइल फोन से हनुमानगढ़ टाउन और श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र के वीडियो बनाकर शहजाद भट्टी को व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर भेजा। उसने इन दोनों थानों के पते भी साझा किए। क्रिश ने आतंकी शहजाद भट्टी के साथ कई बार वार्तालाप किया और महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं।

मीणा ने बताया कि वह शहजाद भट्टी के व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम आईडी पर नियमित चैटिंग भी करता था। आरोपी ने शहजाद भट्टी द्वारा पोस्ट की गई हथियारों की तस्वीरों और अन्य फोटोज को अपने अकाउंट से सार्वजनिक रूप से शेयर किया।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार क्रिश राय ने सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी सरगना और आतंकी शहजाद भट्टी को फॉलो किया। वह जानबूझकर उसके संपर्क में आया और अपने मोबाइल नंबर से बातचीत की। इस तरह उसने देश की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने का प्रयास किया।

हनुमानगढ़ टाउन थाने में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी हनुमानगढ़ पुलिस ने शहजाद भट्टी से संपर्क रखने वाले दो अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था।