खैरथल तिजारा। राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के शेखपुर थाना क्षेत्र में ईशरौदा के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से मोटर साइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मृतक की पहचान अमन कुमार (26) के रूप में हुई है, जो तिजारा के राईखेड़ा गांव का निवासी था। अमन कुमार टपूकड़ा स्थित एक फैक्ट्री में काम कर रहा था और रात करीब आठ बजे मोटर से अपने घर लौट रहा था।
पुलिस ने बताया कि अचानक गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। इससे अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आज पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।



