धौलपुर में बच्चों के झगड़े में युवक की मौत

0

धौलपुर। राजस्थान में धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र में विपरपुर गांव में बच्चों के बीच हुई कहासुनी के दौरान गुरुवार देर रात हुई हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और निगरानी रखी जा रही है।

गुरुवार को खेलते-खेलते दो परिवारों के बच्चों की कहासुनी के बाद दोनों पक्ष देर रात आमने-सामने आ गए। खूनी संघर्ष के दौरान लाठी-भाटा और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें एक पक्ष का गुलफाम (21) गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि गुलफाम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गुलफाम ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू की।