अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में डेयरी गांव में सोमवार को युवक के तेजाब पीने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में परिजन उसे अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है और उसे चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डेयरी गांव निवासी अनिल कुमार पांचाल उद्योग नगर स्थित हैवल्स कंपनी में काम करता है। परिजनों का कहना है कि अनिल लगातार अत्यधिक शराब का सेवन कर रहा था। परिजनों ने बताया कि सोमवार अपराह्न करीब चार बजे अनिल शराब पीकर घर पहुंचा।
करीब एक घंटे तक सोने के बाद वह शौचालय गया, जहां रखा तेजाब उसने पी लिया। तेजाब पीने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में उसका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



