अलवर में बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत, एक घायल

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में शुक्रवार को टेल्को सर्किल के समीप लोक परिवहन सेवा की बस की टक्कर से मोटर साइकिल पर सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसका साथी घायल हो गया।

हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस जब्त करके मामले की जांच शुरू कर दी है। हेमंत धुनावत (24) शाम को अपने साथी पार्थ तिवाड़ी के साथ मोटर साइकिल से घर लौट रहा था। टेल्को सर्किल के पास उनकी मोटर साइकिल को लोक परिवहन सेवा की बस ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने हेमंत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आज पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पार्थ का उपचार जारी है।

महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मृतका की पहचान ज्याेति कौर के रूप में हुई है। घटना के वक्त ज्योति घर पर अकेली थी और उसका पति रफीक खान काम के सिलसिले में नूंह (मेवात) हरियाणा गया हुआ था।

घटना के बाद परिजन और पड़ोसी आनन-फानन में उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद ज्योति को मृत घोषित कर दिया । अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव जिला अस्पताल के शवगृह पहुंचाया। जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया ।

मोर का शिकार, शिकारी फरार

अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में रामनगर गुवाडा में शुक्रवार देर रात अज्ञात शिकारियों द्वारा राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार करने का मामला सामने आया है।शिकार की भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए शिकारियों को मौके पर ही दबोचने का प्रयास किया। ग्रामीणों की भीड़ को देख शिकारी मोटरसाइकिल को मौके पर ही छोड़कर अंधेंरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। इस घटना को लेकर वन विभाग को सूचना दी गयी। इस पर वन अधिकारी राहुल फौजदार दल के साथ मौके पर पहुंचे। फौजदार ने बताया कि अज्ञात शिकारी मोर के शिकार के बाद ग्रामीणों के आने पर अपनी मोटर साइकिल छोड़कर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि मामला दर्ज करा दिया गया है। मोटर साइकिल के नम्बर के आधार पर मालिक की तलाश की जा रही है। राष्ट्रीय पक्षी के शिकार की इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।