खेमचंद सिंह ने मणिपुर में भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार बनाने का दावा पेश किया

0

इंफाल। मणिपुर विधानमंडल दल के भाजपा नेता युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को लोक भवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर राज्य में भाजपा नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनाने का दावा पेश किया।

सिंह के साथ इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, पार्टी के पूर्वोत्तर संयोजक डॉ संबित पात्रा, मणिपुर भाजपा राज्य अध्यक्ष अधिकारिमयुम शारदा देवी और अन्य राजग नेता भी मौजूद थे।

सिंह तीन फरवरी को सर्वसम्मति से राजग विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बुधवार सुबह इंफाल पहुंचे। यह हिंसा प्रभावित राज्य में नयी सरकार के गठन की दिशा में निर्णायक कदम है।

नई दिल्ली से वापस लौटने पर सिंह ने एक पोस्ट में कहा कि वह नयी सरकार बनाने का दावा पेश करने को लेकर खुश हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नयी मंत्रिपरिषद शांति और विकास को अपने मार्गदर्शक सिद्धांतों के रूप में लेकर काम करेगी।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित मणिपुर के विजन की ओर राजनीतिक सफर चुनौतियों से भरा है, लेकिन हमारी प्राथमिकताएं इन लक्ष्यों को पाने से मजबूती से जुड़ी रहेंगी। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को उन पर भरोसा जताने और जिम्मेदारी देने के लिए धन्यवाद दिया। नई राजग सरकार का शपथ ग्रहण समारोह जल्द ही होने की उम्मीद है।