अजमेर। सेवा मंदिर अस्पताल व मानव अधिकार मिशन अजमेर की ओर से अस्पताल परिसर में विशाल निःशुल्क एलोपैथी व होम्योपैथी चिकित्सा परामर्श एवं रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 170 मरीज़ों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर का विधिवत शुभारंभ सेवा मंदिर फाउंडेशन की मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ अभिलाषा सिंह गौड़ एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
शिविर में एलोपैथी व होम्योपैथी के साथ-साथ नेत्र रोग, दंत रोग, फिजियोथेरेपी तथा जनरल मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। इसके अतिरिक्त, शिविर में आए मरीजों को पैथोलॉजी व लैबोरेट्री जांचों पर 50 प्रतिषत की विशेष छूट प्रदान की गई।
चिकित्सा शिविर के साथ आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसमें कुल 16 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्त संग्रहण का कार्य मित्तल हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर की अनुभवी मेडिकल टीम द्वारा कुशलतापूर्वक संपन्न कराया गया। सभी रक्तदाताओं को सेवा मंदिर फाउंडेशन व मित्तल हॉस्पिटल की ओर से प्रोत्साहन प्रमाण पत्र और फलाहार वितरित किया गया। साथ ही आईडीएफसी बैंक द्वारा प्रत्येक रक्तदाता को उनकी फोटो युक्त विशेष सिरेमिक मग भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिविर के सफल संचालन में मानवाधिकार संगठन का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ अभिलाषा सिंह गौड़ ने सभी चिकित्सकों, सहयोगियों, रक्तदाताओं और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
शिविर को सफल बनाने में पोरस यादव, आशा यादव, महेंद्र बारोटिया, अशोक भारद्वाज, मनोज पंवार, शास्त्री लोकेश शर्मा, सोहन लाल दसाना, सोहन लाल भादा, गौरव गुंजन सिंह, प्रशांत पाटीदार, तरुण वर्मा व मानव अधिकार मिशन अजमेर के अध्यक्ष बीपी सिंह उपस्थित रहे।




