अजमेर। दुनियाभर में बढ़ते ई-वाहनों के चलन में अब अजमेर में भी महत्वपूर्ण शुरूआत हुई है। प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत अजमेर में 100 ई-बसें चलाई जाएगी। पहले चरण में मंगलवार से 5 बसों की शुरूआत की गई। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल माध्यम से इन ई-बसों का शुभारम्भ किया।
नगर निगम शक्ति सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत अजमेर शहर को अत्याधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सौगात मिली है। इस सेवा के माध्यम से अजमेर शहर सहित पुष्कर, टांटोटी, श्रीनगर, दौराई और किशनगढ़ जैसे प्रमुख आसपास के क्षेत्रों को सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। बसों के सुचारू संचालन के लिए चालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख आवासीय, शैक्षणिक, चिकित्सा, धार्मिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों को जोड़ने के लिए 5 प्रमुख रूट निर्धारित किए गए हैं। पहला रूट अजमेर बस स्टैंड से पुष्कर बस स्टैंड (26 किमी) रहेगा, जो शास्त्री नगर, पंचशील, जनाना अस्पताल और बूढ़ा पुष्कर होकर गुजरेगा।
दूसरा रूट गांधी भवन से टांटोटी (61 किमी) प्रस्तावित है, जो आदर्श नगर, परबतपुरा, नसीराबाद और बांदनवाड़ा होकर जाएगा। तीसरा रूट माकड़वाली चौराहा से श्रीनगर (33 किमी) निर्धारित किया गया है, जो वैशाली नगर, बजरंगगढ़, रेलवे स्टेशन और पालरा होकर पहुंचेगा।
चौथा रूट वरुण सागर से दौराई (15 किमी) तक होगा, जो सीआरपीएफ, नागफणी, आगरा गेट, रेलवे स्टेशन और डीएवी कॉलेज होकर गुजरेगा। वहीं पांचवां रूट नौसर से किशनगढ़ बस स्टैंड (32 किमी) प्रस्तावित है, जो आरपीएससी, घूघरा, आरटीओ ऑफिस, गेगल और हाउसिंग बोर्ड होकर यात्रियों को कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
उपायुक्त भरत राज गुर्जर ने बताया कि इन 26 सीटर एसी बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। दिव्यांगों एवं बुजुर्गों के सुगम आवागमन के लिए पहली बार ऑटोमेटिक गेट के साथ व्हीलचेयर लिफ्ट की सुविधा प्रदान की गई है।
इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्राइवर डिस्प्ले बोर्ड, इमरजेंसी बटन, पैसेंजर काउंटिंग सेंसर और अत्याधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम लगाया गया है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से अजमेर में सार्वजनिक परिवहन आधुनिक होगा, प्रदूषण में कमी आएगी तथा पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम होगी। कार्यक्रम में एडीएम सिटी प्रवीण कुमार, जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।



