अलवर के उमरैन गांव में दो पक्षों मारपीट में घायल सौ वर्षीय वृद्धा की मौत

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के उमरैन गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में घायल 100 वर्षीय बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद शुक्रवार को जिला अस्पताल परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।

मृतका के पोते हिमांशु सैनी ने बताया कि गांव में नौ जुलाई को हुए विवाद के दौरान उनकी दादी गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। घटना के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर गुरुवार को उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि नौ जुलाई को करीब 50 महिला पुरुषों ने हथियारों से उनके परिवार से मारपीट की, जिसमें बुजुर्ग महिला घायल हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अकबरपुर थाने में मामला दर्ज कराया था, लेकिन करीब एक सप्ताह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में भारी नाराजगी है।

महिला की मौत के बाद परिजन जिला अस्पताल में शव रखकर धरने पर बैठ गये और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बुजुर्ग महिला की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।