ना छुआ छूत, ना जात पांत, एक मंडप के नीचे 11 जोड़ों का विवाह

सेवा भारती का श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन
अजमेर। शहनाई की गूंज, गाजे बाजे के साथ निकलती विशाल बारात, मार्ग में भी स्वागत को आतुर लोग, मंगल गीत गाती महिलाएं। यह नजारा सोमवार को पीपल पूर्णिमा के अवसर पर सेवा भारती की ओर से आयोजित छठे श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान नजर आया। सम्मेलन में 11 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ। संतों समेत सर्व हिन्दू समाज के लोगों ने उन्हें आशीर्वाद दिया।

तलाकशुदा वर-वधू का भी पहली बार विवाह

सर्व हिन्दू समाज के जोडों के लिए आयोजित होने वाले इस सामूहिक विवाह समारोह में ब्राहमण, वाल्मीकि, माली, रेगर, कोली, खटीक, राजपूत कोली, बैरवा, भांबी, मेहरा, रावत आदि समाज के 11 जोडों का पाणिग्रहण संस्कार एक ही मंडप के नीचे भारतीय संस्कृति के अनुरूप विधि विधान से सम्पन्न हुआ। विशेष बात यह रही की पहली बार तलाकशुदा वर-वधू का भी विवाह कराया गया।

11 दूल्हों की बारात, रास्ते में पुष्पवर्षा से जोरदार स्वागत

इससे पहले 11 दूल्हों की बारात बैंड बाजों के साथ समारोह स्थल विजय लक्ष्मी पार्क के गेस्ट हाउस से निर्धारित समय पर रवाना हुई जो मेडिकल कालेज, अग्रवाल स्कूल, सूचना केन्द्र चौराहा, पटेल मैदान, आजाद पार्क होती हुई विजय लक्ष्मी पार्क के मुख्य गेट पर पहुंची। मार्ग में बारात का कई जगह पुष्पवर्षा से स्वागत हुआ। तोरण की रस्म अदायगी के दौरान वधु पक्ष ने बारात के स्वागत में पलक पांवडे बिछा दिए।

वरमाला संस्कार के दौरान संतों का मिला आशीर्वाद

समारोह स्थल पर बने विशाल पांडाल में वर-वधुओं के परिजनों समेत सैकडों लोगों की मौजूदगी में वरमाला संस्कार हुआ। इस दौरान मंचासीन संतों व गणमान्यजनों ने पुष्पवर्षा की। संत महामंडलेश्वर 1008 दिव्य मुरारी बापू ने आशीर्वचन देते हुए सभी वर वधुओं को एक नए जीवन की शुरुआत करने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। श्री नौसर माता मंदिर पीठाधीश्वर महंत राम कृष्ण देव, श्री रामसखा पीठाधीश्वर नंदराम शरण देवाचार्य जी ने भी नव दम्पतियों को मंगल आशीष प्रदान किया।

एक मंडप के नीचे 11 जोड़ों के लिए 11 वेदियां

11 जोड़ों के लिए 11 वेदियां बनाई गई। प्रत्येक वेदी पर 2-2 पण्डितों ने मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से पाणिग्रहण संस्कार कराया। इस दौरान वर-वधु पक्ष के सभी मेहमान मौजूद रहे। फेरे पूर्ण होने के बाद नव दम्पतियों ने सभी का आशीर्वाद लेकर संकल्प लिया कि वे सामाजिक समरसता के लिए काम करेंगे।

वधुओं को विदाई देते समय भर आईं सभी की आंखें

सबसे भावुक पल विदाई के दौरान देखने को मिला। मंच पर आसाीन सभी 11 नवदंपतियों के लिए सेवा भारती समिति के पदाधिकारियों व महिला कार्यकर्ताओं ने गृहस्थ जीवन के प्रसन्नतापूर्वक निर्वहन का आवहान किया। संस्था की ओर से विवाह प्रमाणपत्र व उपहार प्रदान किए। वधुओं को विदाई के समय सभी की आंखे भर आई।

ना छुआ छूत और ना जात पांत, झलकी सामाजिक समरसता

सामूहिक विवाह के आयोजन में सामाजिक समरसता देखने को मिली। सभी समुदाय, सभी जातियों के लोगों ने एक साथ भोजन किया। ना कहीं कोई छुआ छूत और ना ही कोई ऊंच-नीच का भाव दिखाई दिया। सम्मेलन में एक हजार से भी अधिक मेहमानों के लिए प्रीतिभोज की व्यवस्था की गई। सर्वजातीय सामूहिक विवाह के माध्यम से एक नई क्रांति का सूत्रपात हुआ है। इतना ही नहीं बल्कि महिला कार्यकर्ताओं ने तन-मन-धन से सहयोग कर मातृशक्ति की प्रबल सामर्थ्य का उदाहरण प्रस्तुत किया।

वर-वधु को उपहारों के साथ मिला गृहस्थी का सामान

सेवा भारती समिति अजमेर की ओर से प्रत्येक वर वधु को उपहार दिए गए। इसमें प्रत्येक दुल्हन को सोने का लोंग, चांदी की पायजेब, अंगूठी, बिछूडी, स्मृति चिन्ह, पंखे, मंगलसूत्र, वर की शरवानी, दुल्हन का बेस, साडियां, पेंट शर्ट सहित घर गृहस्थी और रोजमर्रा में काम आने वाली लगभग 60 वस्तुएं कन्यादान के रूप में भेंट की गई। इनके अतिरिक्त कई लागों ने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर भी नकद राशि व सामग्री जोडो को प्रदान की।

आदर्श हिन्दू परिवार की स्थापना करने का संकल्प लें : निम्बाराम

इस अवसर पर मुख्यवक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहाकि भगवान राम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए पूर्वजों की परम्परा और संस्कारों को लेकर आदर्श हिन्दू परिवार की स्थापना करने का संकल्प लें और आगे बढ़ें। उन्होंने सेवा भारती के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सेवा भारती कोई अलग से संस्था नहीं है। यह सर्व समाज का एक संगठन है जो अभावग्रस्त क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और रोजगार, स्वावलम्बन जैसे प्रकल्प संचालित करती है। सर्व समाज को एकत्रित होकर इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमें पर्यावरण, सामाजिक समरसता, नागरिक शिष्टाचार के तहत अनुशासन का ध्यान रखना होगा।

सेवा भारती समिति अजमेर ने कराया 96 जोड़ों का विवाह

कार्यक्रम के संयोजक विकास पाराशर ने बताया कि समाज के कई गणमान्य व्यक्तियों ने विवाह समारोह में उपस्थित होकर वर-वधु को मंगल जीवन का आशीर्वाद दिया। उन्होंने बताया कि साल 2018 को 8 साल पहले प्रारम्भ हुई सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का यह सफर अनवरत जारी है। सेवा भारती समिति अजमेर की ओर से यह छठा श्रीराम जानकी सर्वजातीय विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया।था समिति अब तक 96 जोड़ों का विवाह सम्पन्न करा चुकी है।

इस अवसर पर विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी, विधायक अनिता भदेल, जगदीश राणा, खाजूलाल चौहान, मोहन खंडेलवाल, अजीत अग्रवाल, गोविंद जिंदल, सुनील दत्त जैन, जितेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे। मंच संचालन दीपिका शर्मा, रजनी बघेल व मीना ने किया। विकास पाराशर, चन्द्रशेखर, श्याम बिहारी शर्मा, मदनलाल खंडेलवाल, गोपाल कुशवाहा, बबली, सोनिया, सुखदेव मेघवंशी, मोहन यादव आदि ने सहयोग किया।