हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में एक गांव में अनुसूचित जाति के 16 वर्षीय एक किशोर को अगवा करके उससे सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आमने आया है।
पीड़ित किशोर के अस्पताल में दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच नोहर के पुलिस उपाधीक्षक सुभाषचंद्र कर रहे हैं।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित किशोर नोहर में एक ट्रैक्टर मैकेनिक की वर्कशॉप पर काम करता है। बुधवार शाम को वर्कशॉप से काम निपटाकर वह अपने गांव लौट रहा था। तभी तीन युवक मोटरसाइकिल पर आए और उसे जबरन गांव के नजदीक स्थित गैस एजेंसी के गोदाम की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते पर ले गए। वहां उन्होंने उसे देसी शराब पिलायी और उससे दुष्कर्म किया गया। आरोपी युवक उसे वहीं बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गए।
पुलिस के अनुसार रात भर किशोर उसी कच्चे रास्ते पर पड़ा रहा। जब वह देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। उसके मोबाइल पर बार-बार कॉल किए गए, लेकिन फोन स्विच ऑफ आ रहा था। सुबह होने पर परिवार वालों ने गैस एजेंसी गोदाम की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर जाकर देखा तो किशोर वहां बेहोश पड़ा मिला। उन्होंने उसे तुरंत नोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार अस्पताल में होश आने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसमें उसने पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल बोर्ड का गठन करवाया। रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों में से एक युवक को पकड़ा गया है। बाकी दो युवकों की तलाश जारी है।



