पंचशील नगर में खंडहर मकान में छिपा मिला 5 फीट लंबा कोबरा, ढाई घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू

0


अजमेर।
शहर के पंचशील नगर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय काला कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप के एक खंडहरनुमा मकान में घुस जाने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर वन्य जीव एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान से जुड़ी कोबरा टीम राजस्थान के संस्थापक सुखदेव भट्ट अपने सहयोगी धारू जाट के साथ मौके पर पहुंचे और करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

जानकारी के अनुसार पंचशील नगर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बी ब्लॉक में नोटेरी पब्लिक बबिता टांक वाली गली में मंगलवार अपराह्न करीब चार बजे लोगों की नजर एक लंबे काले सांप पर पड़ी। सांप देखते ही देखते नाली के रास्ते एक खंडहरनुमा मकान में जा छिपा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उस पर नजर रखी और तत्काल कोबरा टीम के संस्थापक सुखदेव भट्ट को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने के महज 15 मिनट के भीतर भट्ट अपने सहयोगी धारू जाट के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। सांप के खंडहर मकान में जमीन के भीतर छिपे होने के कारण उसे तलाशना आसान नहीं था। टीम ने विशेष तकनीक का इस्तेमाल करते हुए करीब ढाई घंटे तक प्रयास किया। इसके बाद जमीन की खुदाई कर सांप के छिपने की जगह का पता लगाया और उसे बाहर निकालकर सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया।

पांच फीट लंबा भारतीय नाग, बेहद जहरीला है इसका विष

सुखदेव भट्ट ने बताया कि रेस्क्यू किया गया सांप भारतीय नाग (इंडियन कोबरा) है, जिसकी लंबाई करीब पांच फीट है। उसके शरीर की बनावट और अन्य शारीरिक विशेषताओं के आधार पर उसकी उम्र लगभग 15 वर्ष आंकी गई है। यह वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित श्रेणी में आने वाला वन्यजीव है।

भट्ट के अनुसार भारतीय नाग का विष न्यूरोटॉक्सिक प्रकृति का होता है, जो मानव शरीर के तंत्रिका तंत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके काटने पर सांस लेने में परेशानी सहित गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने लोगों को आगाह किया कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक, देसी उपचार अथवा किसी भी तरह के अंधविश्वास में समय बर्बाद नहीं करें। पीड़ित को तत्काल नजदीकी राजकीय अस्पताल पहुंचाएं, जहां चिकित्सकीय उपचार और आवश्यक एंटीवेनम की व्यवस्था उपलब्ध हो सके।

सांप दिखाई दे तो खुद पकड़ने का प्रयास न करें

सुखदेव भट्ट ने कहा कि सांप भी प्रकृति और पर्यावरण के महत्वपूर्ण अंग हैं। वे पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए उन्हें देखकर घबराने या मारने की बजाय सुरक्षित रेस्क्यू के लिए प्रशिक्षित टीम को सूचना देनी चाहिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि घर, दुकान या आवासीय क्षेत्र में कहीं भी सांप दिखाई दे तो उसके नजदीक जाने, छेड़ने अथवा स्वयं पकड़ने का प्रयास नहीं करें। सांपों के रेस्क्यू अथवा वन्यजीव संरक्षण से संबंधित जानकारी के लिए कोबरा टीम राजस्थान के मोबाइल नंबर 8290756550 और 8290142006 पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री मोदी भी कर चुके है भट्ट के काम की तारीफ

राजस्थान में वन्यजीव संरक्षण और जहरीले सांपों के रेस्क्यू के लिए सक्रिय सुखदेव भट्ट और उनकी कोबरा टीम के कार्यों का उल्लेख प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 105वें एपिसोड में 24 सितंबर 2023 को किया था।

प्रधानमंत्री ने राजस्थान के पुष्कर में संचालित इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए बताया था कि सुखदेव भट्ट और उनकी टीम वन्यजीवों को बचाने के साथ-साथ जहरीले सांपों का रेस्क्यू भी करती है। प्रधानमंत्री के अनुसार उस समय तक उनकी टीम 30 हजार से अधिक जहरीले सांपों की जान बचा चुकी थी।

मोदी ने कहा था कि टीम के सदस्य सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर वन्यजीवों को बचाने के अभियान में जुट जाते हैं। इससे एक ओर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है, वहीं दूसरी ओर प्रकृति और वन्यजीवों का संरक्षण भी होता है। प्रधानमंत्री ने टीम के बीमार पशु-पक्षियों की सेवा से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया था।