धार। मध्यप्रदेश के धार में कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने आरोपी मोहित उर्फ देवेंद्र पिता सतीश धामड (20) को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने लड़की को बहला-फुसलाकर इंदौर ले जाकर एक कमरे में दुष्कर्म किया और बाद में धार लौटाकर उसे धमकी दी कि घटना की जानकारी किसी को दी तो जान से मार देगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता के परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद जांच में आरोपी की भूमिका उजागर हुई। आरोपी का पीड़िता के घर आना-जाना था और दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। घटना 10 अक्टूबर की रात की है जब आरोपी लड़की को बुलेट वाहन से इंदौर ले गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 363 तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि पीड़िता के बयान महिला अधिकारी के समक्ष दर्ज किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मोहित उर्फ देवेंद्र पर पूर्व में प्राणघातक हमला, मारपीट और चोरी जैसे लगभग 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब उसे गुंडा सूची में शामिल करने की प्रक्रिया में है।



