होम Rajasthan Ajmer तेजाजी धाम एवं निम्बार्क तीर्थ में दर्शन करके हुआ धन्य : जगदीप धनखड़

तेजाजी धाम एवं निम्बार्क तीर्थ में दर्शन करके हुआ धन्य : जगदीप धनखड़

0
तेजाजी धाम एवं निम्बार्क तीर्थ में दर्शन करके हुआ धन्य : जगदीप धनखड़

अजमेर। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को अजमेर जिले में किशनगढ़ के सुरसुरा में स्थित लोक देवता वीर तेजाजी धाम एवं अजमेर में निम्बार्क तीर्थ में दर्शन किए।

धनखड़ ने तेजाजी धाम के दर्शन के बाद सोशल मीडिया पर कहा कि वीर तेजा देवाय नम:। सत्य, समाज सेवा और बलिदान के प्रतीक, लोगों की अटूट आस्था के केन्द्र लोक देवता वीर तेजाजी धाम सुरसुरा के दर्शन करके धन्य हुआ। इस अवसर पर उन्होंने प्रार्थना की कि श्री तेजाजी महाराज सबकी मनोकामना पूर्ण करे, सबको स्वस्थ करें।

उपराष्ट्रपति ने अजमेर में अखिल भारतीय जगदगुरु श्री निम्बार्काचार्य पीठ, श्री निम्बार्क तीर्थ में भी दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यहां दर्शन कर मन परम शांति से भर गया। उन्होंने कहा कि यह प्राचीन पीठ अनादिकाल से वेदों, संस्कृत और भगवद्भक्ति का प्रकाश चारों और फैला रही है। यहां विराजे राधा-माधव सबके मनोरथ पूर्ण करें।

इससे पहले उप राष्ट्रपति धनखड़ में सुरसुरा स्थित वीर तेजाजी धाम में सपत्नीक पूजा अर्चना कर देश की खुशहाली के लिए कामना की। वे पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ गुरुवार को सुरसुरा किशनगढ़ स्थित श्री वीर तेजाजी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। पूजा पंडित मोहित कुमार दाधीच एवं नंद लाल पुजारी ने करवाई। मंदिर पर दर्शन कर देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

स्थानीय दादू दयाल आश्रम के महन्त बक्सी राम जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर कार्यकारणी के अध्यक्ष उगमा राम जाजड़ा, कोषाध्यक्ष ईश्वर लाल मालाकार एवं सचिव तेजपाल ने उप राष्ट्रपति का सम्मान किया। कच्छी घोड़ी का लोक नृत्य लोक कलाकार बनवारी लाल द्वारा प्रस्तुत किया गया।

उप राष्ट्रपति गुरुवार शाम 4.40 पर निम्बार्काचार्य पीठ पहुंचे। यहां मंगलाचरण एवं स्वस्तिवाचन के बीच सर्वेश्वर संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा एवं निंबार्क पीठ परिकर की ओर से उनकी भव्य अगवानी की गई। इसके बाद उन्होंने मुख्य मंदिर परिसर में भगवान श्री राधा माधव, आचार्य पंचायतन एवं सर्वेश्वर महाप्रभु के दर्शन किए। उन्होंने स्वामी महाराज परशुराम देवाचार्य जी की तपरूस्थली के भी दर्शन किए। जहां निम्बार्काचार्य पीठ के जगद्गुरु श्री श्याम शरण देवाचार्य जी श्रीजी महाराज ने निंबार्काचार्य पीठ के इतिहास एवं आचार्य परंपराओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इसके पश्चात वे सभाकक्ष में पहुंचे, जहां श्रीजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष नमन किया। उन्होंने सपत्नीक जगदगुरु श्री श्याम शरण देवाचार्य जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रीजी महाराज ने उप राष्ट्रपति का उत्तरीय सतसाहित्य एवं प्रसाद प्रदान कर अभिनंदन किया। आचार्य महल में धर्म चर्चा भी हुई।

इस अवसर पर कृषि मंत्री लाल चंद कटारिया, आरटीडीसी के अध्यक्ष धमेन्द्र राठौड़, सांसद भागीरथ चौधरी, विधायक सुरेश रावत, कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित, पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट, प्रधान रामचंद्र थाकण, रामविलास चौधरी, जीवनराम भाकर, नंदाराम चौधरी, महेंद्र घासल, रतनलाल घासल, रामलाल बाना, कैलाश चंद्र शर्मा, लोकेश शर्मा, जगदीश गोरा, हनुमान घासल, मांगीलाल बांगड़ा, सीताराम प्रजापति, कमल सोनी, जगत नारायण पारीक, हरिराम किवाड़ा, रामचंद्र फड़ोलिया, हरि देव गुर्जर सहित गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।