Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 517 -
होम ब्लॉग पेज 517

9 साल की बेटी से रेप के दोषी सौतेले पिता को 22 साल कैद की सजा

बालासोर। ओडिशा में यौन बाल अपराध संरक्षण अधिनियम (पोक्सो) की अदालत ने 9 साल की सौतेली पुत्री से दुष्कर्म के मामले में एक व्यक्ति को 22 साल जेल की सजा सुनाई और 11 हजार रुपए का जुर्माना किया।

विशेष न्यायाधीश रंजन कुमार सुतार ने अपने आदेश में कहा कि जुर्माने की राशि नहीं चुकाने पर दोषी को छह माह की और सजा भुगतनी होगी। न्यायाधीश ने पीड़िता को चार लाख रुपए मुआवजे के रूप में देने के भी आदेश दिए।

अभियोजन पक्ष के अनुसार जलेश्वर के शेखबाद के मनोज कुमार बेहरा ने आठ जुलाई, 2020 को अपनी नौ वर्षीय सौतेली बेटी का कथित रूप से यौन उत्पीड़न किया था।

पॉक्सो के विशेष लोक अभियोजक प्रणब पांडा ने बताया कि पीड़िता की मां ने अपनी प्राथमिकी में आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग नौ साल की पुत्री के साथ उसके दूसरे पति ने परिवार के अन्य सदस्यों की अनुपस्थिति में दुष्कर्म किया। अदालत ने 11 गवाहों सहित सबूतों को मद्देनजर रखते हुए शनिवार को फैसला सुनाया।

अशोक गहलोत ने राजसमंद में 369 फुट ऊंची शिव प्रतिमा का किया लोकार्पण

राजसमन्द। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजसमन्द के नाथद्वारा में 369 फुट ऊंची विश्व की सबसे बड़ी शिव प्रतिमा ‘विश्वास स्वरूपम्’ का आज लोकार्पण किया।

गहलोत ने इस अवसर पर आयोजित समारोह में कहा कि रामकथा के वाचन से समाज में प्रेम, भाईचारे एवं सद्भावना का सन्देश जाता है, जिसकी वर्तमान समय में सर्वाधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कथाएं देश के कोने-कोने में आयोजित होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विश्व की विशालतम प्रतिमा के रूप में ‘विश्वास स्वरूपम्’ का निर्माण किया गया है। लगभग दस साल के समय में समर्पण और लगन से निर्मित इस सुन्दर और भव्य शिव प्रतिमा को निर्माताओं द्वारा समाज में एक सकारात्मक सन्देश देने के लिए बनाया गया है।

गहलोत ने इस अवसर पर प्रतिमाह का विधिवत रूप से अनावरण व अवलोकन किया। उन्होंने इस दौरान आयोजित रामकथा में प्रसिद्ध कथा वाचक मुरारी बापू का हार्दिक अभिनन्दन किया। उन्होंने 369 फुट ऊंची विश्वास स्वरूपम् प्रतिमा के निर्माण में मुख्य भूमिका निभाने वाले मदन पालीवाल की सराहना की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर रामकथा का श्रवण भी किया।

विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि दस साल की निरन्तर मेहनत व समर्पण से नाथद्वारा में विश्वास स्वरूपम् की स्थापना की गई है। नगरीय विकास मंत्री शान्ति धारीवाल ने कहा कि कड़े परिश्रम से इतनी सुन्दर शिव प्रतिमा का निर्माण नाथद्वारा में किया गया है जो विश्व की सबसे बड़ी शिव प्रतिमा है। उन्होंने कहा कि नाथद्वारा में विकास कार्यों के लिए किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस अवसर पर कृषि मंत्री लालचन्द कटारिया, सहकारिता मंत्री उदय लाल आंजना, गृह राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, राजसमन्द सांसद दीया कुमारी, विधायक सुदर्शन सिंह रावत, राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष बृज किशोर शर्मा सहित देशभर से प्रसिद्ध संत एवं समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

इंदौर में दो लड़कों के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार का वीडियो वायरल

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में कथित तौर पर चोरी के संदेही दो लड़कों के साथ मारपीट और उनके शरीर को रस्सियों से बांधकर घसीटने का वीडियो आज वायरल हुआ है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना सुबह चोइथराम सब्जी मंडी क्षेत्र की बताई गई है। दरअसल वहां सब्जी के व्यापार के सिलसिले में आने वाले एक दो लोगों का मोबाइल फोन और पैसे चोरी होने की बात सामने आई। इसी दौरान एक नाबालिग लड़के को कुछ लोगों ने कथित तौर पर चोरी करते हए पकड़ लिया। इसके बाद उसके साथी को भी बुलवाया गया।

सूत्रों ने प्रारंभिक पड़ताल के हवाले से कहा कि इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने दोनों संदेहियों के साथ मारपीट की और उनके शरीर को रस्सियों से बांधकर लोडिंग ऑटो से बांधकर घसीटा गया। बाद में दोनों लड़कों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

सूत्रों ने कहा कि इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राजेंद्रनगर क्षेत्र की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मारपीट के शिकार दोनों लड़कों से पूछताछ की जा रही है। वहीं वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों का भी पता लगाया जा रहा है। मामले की जांच के बाद पुलिस वैधानिक कार्रवाई करेगी।

इस बीच प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने इस घटना के वीडियो को ट्वीट के जरिए शेयर करते हुए लिखा है कि चोरी के शक में इंदौर में समानांतर न्याय व्यवस्था दिखी। युवक को तालिबानी तरीके से पीटा गया। चारपहिया वाहन से बांधकर घसीटा भी गया। उन्होंने राज्य सरकार से ‘कुछ’ करने की मांग की है।

गुना के चांचौड़ा कस्बे में 15 साल की स्कूली छात्रा से गैंगरेप

गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिले के चांचौड़ा कस्बे में एक 15 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ अपहरण एवं सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस जघन्य वारदात में शामिल 6 में से तीन आरोपियों को गिरफ़्तार किया जा चुका है। फिलहाल पीड़िता का गुना जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

स्थानीय प्रशासन अगले 24 घंटे में आरोपियों के मकानों को तोड़ने की तैयारी कर रहा है। इस हेतु सभी आरोपियों के मकानों पर अवैध एवं नियम विरुद्ध ढंग से निर्माण किए जाने के नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं।

घटना से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने शनिवार सुबह विरोध प्रदर्शन करते हुए आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। हालांकि पुलिस द्वारा दी गई समझाईश और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारयों ने जाम खोल दिया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चांचौड़ा निवासी पीड़िता सामान्य दिनों की तरह ही शुक्रवार सुबह स्कूल गई थी, लेकिन छात्रों की संख्या कम होने के कारण स्कूल प्रबंधन ने स्कूल की छुट्टी घोषित कर दी।

छुट्टी के बाद पैदल घर लौटने के दौरान करीब दस बजे, सड़क पर से ही 6 लोगों ने पीड़िता का अपहरण कर लिया। आरोपी उसे चांचौड़ा-बीनागंज रोड स्थित एक सुनसान मकान में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

दोपहर तक पीड़िता के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसे खोजना शुरू कर दिया। शुक्रवार रात करीब 8 बजे पीड़िता उन्हें सुनसान मकान में बदहवासी की हालत में मिली। जहां से परिजन उसे लेकर चांचौड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर पहुँचे, वहां से उसे जिला अस्पताल गुना के लिए रैफर दिया।

वारदात की जानकारी शनिवार सुबह सार्वजनिक होने पर बीनागंज-चांचौड़ा कस्बा क्षेत्र के लोगों में आक्रोश पनप गया। भाजपा, कांग्रेस सहित तमाम संगठनों के अलावा स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

लंबे समय तक नारेबाजी के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बताया कि तीन आरोपियों की गिरफ्तार हो चुकी है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है। वहीं आरोपियों के अवैध मकानों को ध्वस्त करने के लिए उनके आवासों पर नोटिस चस्पा कर दिया है।

आरोपियों के मकान 24 घंटे बाद धराशायी कर दिए जाएंगे। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। उधर जिला अस्पताल में भर्ती पीड़िता से प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने चर्चा की। पीड़िता के पिता ने दुष्कर्म की पुष्टि कर दी है।

सहारनपुर : दामाद ने गर्भवती सास और पत्नी को जिंदा जलाया

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पत्नी को लेने ससुराल गये पति ने पत्नी को नहीं भेजने से नाराज होकर अपनी गर्भवती सास एवं पत्नी को आग के हवाले कर दिया। इससे सास की दर्दनाक मौत हो गई और पत्नी की हालत गंभीर है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह घटना नगर के थाना जनकपुरी क्षेत्र की पुलिस चौकी ट्रांसपोर्ट नगर की कृष्णाधाम कालोनी की है। इसमें 25 वर्षीय युवक नितिन अपनी पत्नी रीतिका को लेने ससुराल गया था। पत्नी को साथ ना भेजने को लेकर हुए विवाद में नितिन ने 45 वर्षीय गर्भवती सास पायल और रीतिका पर पेट्रोल छिड़ककर आज तड़के साढ़े चार बजे आग लगा दी।

इससे पायल की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 18 वर्षीय पत्नी रीतिका, 80 फीसदी तक जल गई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आज सुबह करीब पांच बजे सूचना मिलने पर वह एएसपी प्रीति यादव, पुलिस निरीक्षक अविनाश गौतम आदि के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तब तक पायल की मौत हो गई थी और रीतिका गंभीर रूप से झुलसी हुई थी। पुलिस ने आरोपी 25 वर्षीय नीतिन को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक शामली निवासी नीतिन ने दो-तीन साल पहले रीतिका से प्रेम विवाह किया था। पिछले कुछ समय से रीतिका सहारनपुर में ही अपने मायके में रह रही थी। नीतिन भी करीब एक माह से उन्हीं के साथ रह रहा था। उनके पड़ौसियों के मुताबिक नीतिन रीतिका को अपने घर ले जाने की कोशिशों में लगा था। लेकिन उसकी सास पायल उसे भेजने का विरोध कर रही थी। इससे उपजे विवाद केे बाद नितिन ने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक मृतका पायल के बड़े भाई प्रीतम कुमार पुत्र पुरूषोत्तम दास निवासी गढ़ी मलुक नगर कोतवाली क्षेत्र, ने थाना जनकपुरी में दी तहरीर में कहा कि उसकी बहन पायल और भांजी रीतिका पर उनके दामाद नितिन ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। जिसमें उनकी बहन की मौके पर जलने से मौत हो गई और भांजी रीतिका की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के मुताबिक पायल का अपने पति से अलगाव हो गया है। वह कुछ समय से 28 वर्षीय युवक आशु कश्यप के साथ रह रही थी। वह भी इसी मकान में साथ रहता था। आशु कश्यप को बाइक चोरी के एक मामले में हरियाणा पुलिस 14-15 अक्टूबर को गिरफ्तार कर ले गई थी। पुलिस के मुताबिक पायल के मकान मालिक संजय कृष्णया ने आज सुबह करीब साढ़े चार बजे इस घटना की सूचना पुलिस को दी थी।

अमरीका में बेगुनाह ने जेल में बिताए लगभग चार दशक

सैक्रामेंटो। हत्या के झूठे आरोप में करीब चार दशक जेल की चाहरदिवारी में कैद रहने वाले एक अमरीकी नागरिक को डीएनए के नए सबूत मिलने के बाद रिहा कर दिया गया है।

वर्ष 1983 में कैलिफोर्निया की रॉबर्टा वायडरमायर की हत्या और दो हत्याओं के प्रयास के मामले में मौरिस हेस्टिंग्स को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी लेकिन नए डीएनए सबूतों ने हत्या के लिए हेस्टिंग्स(69) की बजाय अन्य व्यक्ति की ओर इशारा किया, जिसकी मृत्यु 2020 में जेल में हो गई थी। इसके बाद हेस्टिंग्स को रिहा करने का आदेश स्थानीय अदालत ने पिछली 20 अक्टूबर को दिया था।

ला काउंटी के जिला अटॉर्नी जॉर्ज गैसकॉन ने सजा को भयानक अन्याय की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि न्याय प्रणाली सही नहीं है, और जब हम नए सबूतों के बारे में सीखते हैं जो हमें दोषसिद्धि में विश्वास खो देता है, तो यह हमारा दायित्व है कि हम तेजी से कार्य करें।

राबर्टा का शव उसकी कार में मिला था। उसके सिर पर गोली लगी हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार हत्या से पहले उसका यौन उत्पीड़न किया गया था। बाद में हेस्टिंग्स पर हत्या का आरोप लगाया गया और अभियोजकों ने मृत्युदंड की मांग की। न्यायालय ने उसे दोषी ठहराया और वर्ष 1988 में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

पीड़िता के शव की जांच करने पर एक स्वाब में वीर्य का पता चला था। हेस्टिंग्स ने उस समय भी अपनी बेगुनाही की गुहार लगाई थी जब उन्हें गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 2000 में स्वाब के डीएनए परीक्षण के अनुरोध को जिला अटॉर्नी ने अस्वीकार कर दिया था।

आखिरकार 2021 में उसका डीएनए की कन्विक्शन इंटीग्रिटी यूनिट में बेगुनाही का दावा पुख्ता हो गया और जून में डीएनए परीक्षण में पाया गया कि वीर्य उसका नहीं था। इसके बजाय डीएनए प्रोफ़ाइल एक ऐसे व्यक्ति से मेल खाती है जिसे सशस्त्र अपहरण का दोषी ठहराया गया था। वह पीड़िता को एक वाहन की डिक्की में रखता था।

त्रिपुरा : कलामचौरा थाना प्रभारी पर महिला कांस्टेबल का यौन शोषण करने का आरोप

अगरतला। त्रिपुरा पुलिस की एक आदिवासी महिला कांस्टेबल ने अपने बॉस पर सिपाहीजला जिले के कलामचौरा थाने के प्रभारी अधिकारी पर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।

शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक ऑडियो टेप जारी होने के बाद राज्य पुलिस के लिए यह शर्मिंदगी वाला मामला सामने आया। पुलिस अधीक्षक (सिपाहीजाला) बोगती जगदीश्वर रेड्डी ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी है और राज्य सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराध को लेकर बहुत गंभीर है।

महिला कांस्टेबल ने आरोप लगाया है कि ओसी विष्णुपाद भौमिक ने उसका यौन शोषण किया। जारी किए गए ऑडियो-क्लिप में वह यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि भौमिक ने यौन संबंध स्थापित करने के लिए कहा था। उसने कहा कि उसे विषम समय में ओसी के कार्यालय और घर में उपस्थित होने के लिए बुलाया जाता था।

उन्होंने कहा कि जब वह भौमिक के इस तरह के प्रस्तावों से सहमत नहीं हुईं, तो घटना को छिपाने के लिए उनका तबादला कर दिया गया। उसने यह भी कहा कि यौन उत्पीड़न की घटना का खुलासा न करने के लिए उसे डराया-धमकाया गया था।

पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ऑडियो टेप को सत्यापित करने के अलावा, आगे बढ़ने से पहले महिला कांस्टेबल और आरोपी पुलिस अधिकारी के बयान दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आरोप बहुत गंभीर हैं और पुलिस बल में ऐसे अपराधों से सख्ती से निपटा जाएगा। पर हम सभी तथ्यों के बारे में पूरी जानकारी नहीं हैं।

सीहोर की तीन स्कूली छात्राओं ने इंदौर में खाया जहर, दो की मौत

सीहोर। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले की निवासी 12वीं कक्षा की तीन छात्राओं ने इंदौर में जहर खा लिया, जिससे दो छात्राओं की मौत हो गई।

आष्टा पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुगली रोड स्थित शासकीय मॉडल स्कूल में कक्षा 12वीं में पढ़ने वाली तीन छात्राओं के इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। दो छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीसरी का इंदौर के एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है। छात्राओं के जहर खाने का कारण अभी पता नहीं चला है। मामला सामने आते ही आष्टा पुलिस जांच के लिए इंदौर पहुंच गई।

दो छात्राएं ग्राम पखनी और एक मोलूखेड़ी गांव की बताई जा रही है। तीनों छात्राएं शुक्रवार को स्कूल आईं थीं। जब रात तक वे घर नहीं पहुंची तो परिजन ने तलाशना शुरू किया। परिजन ने स्कूल में संपर्क किया, लेकिन वहां से भी कोई सुराग नहीं मिला।

इसी बीच इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के रीजनल पार्क में आष्टा के तीन छात्राओं के जहर खाने की बात सामने आई। आष्टा थाना प्रभारी पुष्पेंद्र राठौर ने बताया कि दो छात्राओं की मौत हो गई है, जबकि तीसरी का एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हर पहलू पर जांच पड़ताल करने में जुटी है।

आबूरोड : खलिहान में आग से 15 क्विंटल मक्के की फसल राख

0

आबूरोड। आदिवासी बहुल जायदरा ग्राम पंचायत के उपला टांकिया की क्यारीफली में शनिवार को एक गरीब परिवार की खरीफ की फसल में आग लग जाने से करीबन 15 क्विंटल मक्का जलकर राख हो गई। मक्का के अलग बिखरे छिलकों के सिंगारी से संपर्क हो जाने पर आग आगे बढ़ती गई और खलिहान तक जा पहुंची।

शनिवार को सूर्योदय से पूर्व जायदरा ग्राम पंचायत के उपला टांकिया निवासी क्यारी फली निवासी कीरीयाराम पुत्र गुंजाराम गमेती के घर के पास स्थित खेत में ऊपज की करीबन 15 क्विंटल मक्का की पैदावार सिलके युक्त एकत्रित कर रखी थी।

समीप ही मक्का से अलग किए हुए छिलके पड़े थे जिनमें चिंगारी संपर्कित हो जाने से धीरे-धीरे आग आगे बढ़ी और एकत्रित मक्का की पैदावार के खलिहान तक चली गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस बीच एकत्रित मक्का का संपूर्ण खलिहान दहक उठा और 15 क्विंटल खाद्यान्न जलकर राख हो गया।

खून पसीना एक कर तैयार फसल को धू धू जलता देख गरीब आदिवासी परिवार के सदस्यों के होश उड़गए। गरीब परिवार को चिंता सताने लगी है कि भविष्य में उदर पूर्ति और भरण पोषण कैसे संभव हो पाएगा। व्याकुल परिवार के सदस्यों का उपज जलने से रो रो कर बुरा हाल हो गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे अन्तरमण्डलीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में अजमेर मंडल विजेता

0

अजमेर। अजमेर कारखाना खेलकूद संघ के तत्वावधान में लोको स्पोर्ट्स ग्राउंड पर आयोजित तीन दिवसीय उत्तर पश्चिम रेलवे की अंतर मंडलीय बास्केटबाल प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए निर्णायक मैच में अजमेर मंडल की टीम ने अपने विगत वर्षो के अनुरूप शानदार प्रदर्शन करते हुए जयपुर मण्डल की टीम को 56-39 से हरा कर ट्राफी पर पुनः कब्जा किया। जयपुर मण्डल की टीम उपविजेता रही।

मंडल रेल प्रबंधक राजीव धनखड़ ने अजमेर मंडल के प्रतियोगिता में विजयी होने पर टीम को बधाई व शुभकामनाएं दी। अंतर मंडलीय बास्केटबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्राफी एवं स्मृति चिन्ह उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय जयपुर के मुख्य कारखाना इंजिनियर आरके मूंदड़ा द्वारा प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मुख्य कारखाना प्रबंधक अशोक कुमार अबरोल रहे। अजमेर कारखाना खेलकूद संघ के सचिव प्रमोद रावत ने प्रतियोगिता सफल बनाने पर सभी प्रतिभागी टीमों एवं रेलवे की विभिन्न संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

समापन समारोह में संयुक्त सचिव आरके सरोया, सूरज सिंह, रामावतार यादव, आरएल खंडेलवाल, कुलदीप सिंह, जयपुर से आए खेलकूद अधिकारी रामकुमार तथा रेलवे की संस्थाओ के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।