Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 596 -
होम ब्लॉग पेज 596

मुरैना में 3 साल की बच्ची से रेप, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के बानमोर कस्बे में तीन वर्ष की एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। गंभीर हालत में बच्ची को समीप के नूराबाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि बच्ची बानमोर कस्बा स्थित सीमेंट फैक्ट्री के पास कल देर शाम अपने घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान बानमोर के फूलपुर निवासी गिर्राज रजक (40) उसे बहला फुसलाकर समीप की झाड़ियों में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची, तब आरोपी वहां से भाग निकला। बच्ची को गंभीर हालत में नूराबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गोवा में कांग्रेस के 8 विधायकों के भाजपा में शामिल होने की संभावना

0

पणजी। गोवा में कांग्रेस के आठ विधायकों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की संभावना है। यदि कांग्रेस के विधायक भाजपा में शामिल होते हैं तो यह पार्टी के लिए बड़ा झटका होगा।

सूत्रों के अनुसार एल्टन डी’कोस्टा, गोवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अलेमाओ यूरी और एडवोकेट कार्लोस फरेरा हालांकि समूह का हिस्सा नहीं हैं।

सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और पूर्व विपक्ष के नेता माइकल लोबो शामिल हैं। गोवा राज्य विधानसभा की 40 सदस्यों में से कांग्रेस के 11 विधायक हैं।

यदि कांग्रेस के आठ विधायक भाजपा में शामिल होते हैं तो यह पार्टी के लिए बड़ा झटका होगा। जो इस साल फरवरी में हुए विधानसभा चुनावों के बाद एक प्रमुख विपक्षी दल के रूप में उभरी थी। इन विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर भाजपा को मजबूती मिलेगी। भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है।

अहमदाबाद में लिफ्ट गिरने से 7 श्रमिकों की मौत, एक घायल

अहमदाबाद। गुजरात में अहमदाबाद शहर के गुजरात यूनिवर्सिटी क्षेत्र में बुधवार को निर्माणाधीन बहुमंजिला बिल्डिंग में लिफ्ट गिरने से सात श्रमिकों की मौत हो गई तथा अन्य एक घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि गुलबाई टेकरा इलाके में पुलिस चौकी के सामने एक बहुमंजिला इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान लिफ्ट टूट जाने से वहां काम कर रहे आठ मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया।

अन्य एक घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान राजमल सु. खराडी (25), पंकजभाई शं. खराडी (21), जगदीशभाई र. नायक (21), संजयभाई बा. नायक (20), अश्विन सो. नायक (20) और मुकेशभाई भ. नायक (25) के रूप में की गई है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी जयेश खडिया ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मीडिया से मिली और वह अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए हैं और आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

सुलतानपुर : बेकाबू ट्रक चाय की दुकान पर पलटा, 3 की मौत, 7 घायल

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर बुधवार को एक बेकाबू ट्रक चाय की दुकान पर पलट गया जिसकी चपेट में आकर 3 लोगों की मौत हो गई और 7 अन्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार जिले के थाना कूरेभार अंतर्गत तेज रफ्तार दो ट्रकों की भिड़ंत होने पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित चाय की दुकान पर पलट गया। उसके नीचे एक ऑटो रिक्शा भी आ गया। इस दौरान दुकान पर मौजूद तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुये हैं।

राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान के अनुसार योगी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन से घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश देते हुए जिले के जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचने को कहा।

घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा सुबह करीब 5:00 बजे उस समय हुआ, जब प्रयागराज से अयोध्या की तरफ जा रहे ट्रक ने बेलवाई मार्ग से हलियापुर की तरफ जा रहे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह अनियंत्रित होकर चौक पर स्थित चाय की दुकान पर पलट गया। इससे दुकान पर चाय पी रहे ऑटो चालक चमुरखा निवासी राजन तिवारी, कूरेभार निवासी राजेश अग्रहरि और राकेश कसौंधन की ट्रक के नीचे दबकर मौत हो गई। इस हादसे में सात अन्य लोग घायल भी हुए हैं। घायलों में ट्रक का चालक, परिचालक और चाय दुकानदार शामिल हैं।

हादसे के बाद तत्काल स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मीकांत मिश्र ने बताया कि वाहन के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया।

पुलिस ने क्रेन व खोदाई मशीन मंगवाकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया। एम्बुलेंस से सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही दो थानों की पुलिस फोर्स स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य में जुटी रही। वहीं हादसे के बाद जाम लग गया है। इस कारण वाहनों की लंबी कतार लग से लोगों को खासी परेशानी हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने यातायात सुचारु कराया।

जोधपुर में पुलिस सहायक उपनिरीक्षक पूनाराम रिश्वत लेते अरेस्ट

0

जोधपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जोधपुर जिले के भोपालगढ़ में पुलिस सहायक उपनिरीक्षक पूनाराम को रिश्वत लेते हुए आज रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि ब्यूरो के जोधपुर कार्यालय में परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई कि पुलिस थाना भोपालगढ़ में उसके विरुद्व दर्ज प्रकरण में गिरफ्तार नहीं करने तथा उसके द्वारा दी गई रिपोर्ट पर कार्रवाई करने के लिए उपनिरीक्षक चौदह हजार रुपये की रिश्वत मांग कर उसे परेशान कर रहा है।

शिकायत के सत्यापन के बाद ब्यूरो ने ट्रेप कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक पूनाराम को परिवादी से दस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। परिवादी से चार हजार रुपये पहले ही ले लिए गए थे। ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन के निर्देशन में आरोपी के निवास और अन्य ठिकानों पर तलाश की जारी है।

कोटा के किशोर सागर में चलेगा बोट विद् रेस्टोरेंट

कोटा। राजस्थान के कोटा में पर्यटकों के आकर्षण के लिए किशोर सागर तालाब में नाव के साथ रेस्तरां एवं वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू होंगी और प्रत्येक रविवार को कोटा दर्शन के लिए विशेष पर्यटक बस संचालित की जाएगी।

कलक्टर ओपी बुनकर की अध्यक्षता में पर्यटन सलाहकार समिति की मंगलवार को हुई बैठक में ये निर्णय लिए गए। बुनकर ने कहा कि कोटा में पुरामहत्व के स्थलों एवं आधुनिक विकास कार्यों में तैयार किए गए विभिन्न स्थलों में पर्यटन विकास की विपुल संभावनाएं हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय से इस प्रकार कार्य करें कि पर्यटक सुविधाओं का विस्तार होने के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों, धार्मिक स्थलों एवं इको-टूरिज्म के लिए चिह्नित स्थानों पर पर्यटकों की मूलभूत सुविधाओं का विकास एवं आसान पहुंच के लिए सभी विभाग समन्वय से कार्य करें। उन्होंने कहा कि किशोर सागर में देशी-विदेशी पर्यटकों एवं विद्यार्थियों के लिए वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां आकर्षण का केन्द्र होंगी। दीपावली से पूर्व नगर विकास न्यास निविदा संबंधी सभी प्रक्रिया पूरी कर वाटर स्कूटर एवं अन्य स्पॉर्ट्स गतिविधियां तथा बोट विद् रेस्टोरेंट संचालन को पूरा कराएं।

उन्होंने कहा कि कोटा में इको-टूरिज्म के क्षेत्र में चम्बल एवं सहायक नदियों तथा मुकुन्दरा अभयारण्य में देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की जाकर उनका प्रचार-प्रसार किया जाए जिससे बाहर से पर्यटक आ सकें। उन्होंने जिले के मेलों, त्यौहारों के अवसर पर देशी-विदेशी पर्यटकों को बुलाने के लिए पर्यटन विभाग को योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने के बाद होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों को विद्युत राशि जमा करने में देय छूट का लाभ सभी पात्र लोगों को दिया जाए।

उन्होंने पुरातत्व विभाग के अधीन ऐतिहासिक स्मारकों की रख-रखाव एवं सुरक्षा के लिए भी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को गरड़िया महादेव जाने वाले पर्यटकों, चम्बल में नाव से भ्रमण करने वाले पर्यटकों को सुविधाओं का विकास करने एवं अनावश्यक शुल्क नहीं लेने का निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त कलक्टर (शहर) बृजमोहन बैरवा, उपनिदेशक पर्यटन विकास पंड्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

आवेदन कर मांग करने वालों को ही मिलेगी बिजली पर सब्सिडी : केजरीवाल

0

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजधानी में एक अक्टूबर से उन्हीं उपभोक्ताओं को बिजली पर सब्सिडी मिलेगी, जो आवेदन कर इसकी मांग करेंगे।

केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में बुधवार को कहा कि दिल्ली के लोगों ने एक ईमानदार सरकार बनाई। पहले दिल्ली में बिजली बहुत जाया करती थी। हम लोगों ने मेहनत कर दो-तीन साल के अंदर सारा इंफ्रास्ट्रक्चर ठीक किया और दिल्ली में 24 घंटे बिजली आने लगी। अब कहीं पर लोकल फाल्ट की वजह से थोड़ी देर के लिए बिजली चली जाए, तो यह अलग बात है, लेकिन अमूमन पूरी दिल्ली 24 घंटे बिजली हर जगह आती है। दिल्ली में बिजली फ्री हो गई। हमने भ्रष्टाचार को खत्म कर किया और जो पैसे की लीकेज थी, उसको रोक कर खूब सरकारी पैसा बचाया और उस पैसे से हमने दिल्ली के लोगों को सुविधाएं दी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में करीब 58 लाख घरेलु उपभोक्ता हैं जिसमें से 47 बिजली उपभोक्ताओं को सब्सिडी मिलती है। वहीं, इन 47 लाख उपभोक्ताओं में से 30 लाख ऐसे उपभोक्ता हैं, जिनके बिजली के बिल जीरो आते हैं। करीब 16 से 17 लाख उपभोक्ता हैं, जिनके बिजली के बिल आधे आते हैं। क्योंकि दिल्ली में 200 यूनिट तक तो फ्री बिजली है और 201 से 400 यूनिट तक आधा रेट है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की यह बिल्कुल सही मांग थी कि हम बिजली का बिल दे सकते हैं, तो हमें क्यों बिजली की सब्सिडी दी जा रही है। हमें विकल्प दिया जाए कि हम बिल का भुगतान कर सकते हैं, तो करें और अगर भुगतान नहीं करना चाहें, तो न करें। हम पर बिजली की सब्सिडी थोपी जा रही है। यह बहुत सही बात है कि सबको जबरदस्ती सब्सिडी क्यों दी जाए। सब्सिडी उसी को दी जाए, जिसको जरूरत है।

इसलिए कुछ महीने पहले दिल्ली सरकार ने फैसला लिया था कि हम उन्हीं को सब्सिडी देंगे, जो आवेदन कर मांगेगा। जो सरकार से कहेगा कि हमें सब्सिडी चाहिए, तो उसको देंगे। उस स्कीम को अब हम लागू करने जा रहे हैं। हमने कहा था कि 30 सितंबर तक यह पुरानी स्कीम लागू रहेगी, जिसमें सबको सब्सिडी दी जा रही है लेकिन एक अक्टूबर से उन्हीं को सब्सिडी मिलेगी, जो मांगेंगे।

मुख्यमंत्री ने सब्सिडी मांगने के लिए आवेदन करने के तरीके के बारे में बताते हुए कहा कि एक यह तरीका है कि जो अगला बिजली का बिल आएगा, उसके साथ एक फार्म भी आएगा। आप उस फार्म को भर कर जहां बिजली के बिल जमा कराने जाते हैं, वहीं फार्म जमा करा सकते हैं और फिर एक अक्टूबर के बाद भी सब्सिडी जारी रहेगी।

दूसरा इलेक्ट्रिक तरीके से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए हम 7011311111 नंबर जारी कर रहे हैं। इस नंबर मिस्ड कॉल कर सकते हैं या फिर हाई लिखकर भेज दें। उसके बाद एक एसएमएस आएगा, जिसमें एक लिंक होगा। उस लिंक पर क्लिक करने पर वाट्सएप पर एक फार्म खुल जाएगा और उस फार्म को भरकर भेज देना है। इसके बाद आप सब्सिडी लेने वालों की लिस्ट में पंजीकृत हो जाएंगे।

जिन लोगों ने अपने मोबाइल नंबर को बिजली के बिल के साथ पंजीकृत कराया है, इन लोगों को दिल्ली सरकार की तरफ से मैसेज भेजा जाएगा कि जो लोग पंजीकृत करना चाहते हैं, वो कर सकते हैं। आपका पंजीकरण होने के तीन दिन बाद आपके पास एसएमएस या ई-मेल के जरिए कंफर्मेशन आ जाएगा कि आप पंजीकृत हो गए हैं और आपकी सब्सिडी जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि आज से दिल्ली के निवासी जारी मोबाइल नंबर नंबर मिस्ड कॉल कर या हाई लिखकर अपना पंजीकरण शुरू कर सकते हैं। आगामी 31 अक्टूबर तक जो लोग अपना पंजीकरण कर लेंगे, उनको एक अक्टूबर से बिजली पर सब्सिडी जारी रहेगी। नवंबर में जो लोग पंजीकरण करेंगे, उनको अक्टूबर का बिल भरना पड़ेगा और नवंबर से सब्सिडी मिलेगी।

इसी तरह दिसंबर में जो फार्म भरेंगे, उनको अक्टूबर और नवंबर में बिजली का बिल भरना पड़ेगा और दिसंबर से सब्सिडी मिलेगी। आप जिस महीने में आवेदन करेंगे, उस महीने से सब्सिडी मिलेगी। फार्म भरने से पहले के महीने का बिल देना होगा। जनता तक इस बात को पहुंचाने के लिए हम लोग एक व्यापक अभियान शुरू करेंगे, ताकि हर किसी को जानकारी मिल सके। कहीं ऐसा न हो कि जानकारी के अभाव में वो सब्सिडी लेने से वंचित रह जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साल में हर आदमी को एक बार फार्म भरकर बिजली पर सब्सिडी मांगनी पड़ेगी, ताकि जिनको सब्सिडी नहीं चाहिए होगी, उनको हर साल अपनी सब्सिडी छोड़ने का मौका मिलेगा। मैं उम्मीद करता हूं कि जो लोग बिजली का बिल दे सकते हैं, वो बिल देंगे और जिनको जरूरत नहीं है, वो अपनी सब्सिडी छोड़ देंगे।

सबगुरु राशिफल : 14 सितम्बर बुधवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। अश्विन, कृष्ण पक्ष, चतुर्थी तिथि, वार बुधवार, सम्वत 2079, शिशिर ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 10.25 बजे बाद पंचमी तिथि प्रारम्भ, हिंदी दिवस।

मेष राशि :- आज का दिन सब तरह से सुखमय बीतेगा। परिवारजनों के साथ आनंदपूर्वक समय बिताएंगे। शारीरिक स्वस्थता तथा मानसिक प्रफुल्लितता का अनुभव होगा। नौकरी करने वालों को साथी कर्मचारियों का सहयोग मिलेगा। मायके से आपको अच्छे समाचार मिलेंगे। धनलाभ होगा। अधूरे कार्य आज पूरे होंगे।

वृषभ राशि :- आज का दिन आपके लिए शुभ है। परिवारजन, स्नेहीजन तथा मित्रों के साथ स्नेहमिलन समारोह में उपस्थित रह सकते हैं। नए कार्य का प्रारंभ करने के लिए उत्साह रहेगा, लेकिन अति उत्साह से हानि न हो इसका ध्यान रखिएगा। शारीरिक तथा मानसिक स्वस्थता का भी ध्यान रखिएगा। आज धन प्राप्ति का योग बन रहा है।

मिथुन राशि :- व्यापारी वर्ग के लिए आज का दिन शुभफलदायी है। व्यापार में तथा आय में वृद्धि होगी। मित्रों से लाभ होगा। नौकरी में उच्चाधिकारियों की कृपादृष्टि से आपके लिए पदोन्नति भी संभव है। विवाह इच्छुक व्यक्तियों को जीवनसाथी मिलने का योग है। परिवार में पत्नी और पुत्र से अच्छे समाचार मिलेंगे।

कर्क राशि :- इस राशि के जातकों के लिए आज का दिन शुभ है। व्यापारियों के अपर अधिकारी खुश रहेंगे। नौकरी करने वालों के लिए पदोन्नति का योग है। परिवार में मैत्रीपूर्ण वातावरण बना रहेगा। नई साज-सजावट से घर की शोभा में अभिवृद्धि करेंगे। माता से भी लाभ मिलेगा। शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से प्रसन्न रहेंगे। धन और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- आज का दिन आलस्य तथा थकान में बीतेगा। उग्र स्वभाव में मानसिक रूप से व्यग्रता रहेगी। पेट से सम्बंधित दर्द से परेशानी होगी। सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम अधिक करना पड़ेगा। संकटजनक विचार, वर्तन और आयोजन से दूर रहिएगा। धार्मिक यात्रा या प्रवास की योजना टलेगी। क्रोध पर संयम रखें।

कन्या राशि :- आपको आज अपने खान-पान पर विशेष रूप से ध्यान रखना होगा, वरना स्वास्थ्य खराब हो सकता है। आवेश और क्रोध की मात्रा अधिक रहेगी, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति ध्यान दीजिएगा। साथ में वाणी पर भी संयम बरतिएगा। अनैतिक कृत्यों से दूर रहिएगा। सरकार-विरोधी प्रवृत्तियों के कारण परेशानी खड़ी न हो इसका ध्यान रखिएगा। खर्च की मात्रा बढ़ेगी।

तुला राशि :- आज व्यापारीगण व्यापार में वृद्धि कर सकते हैं। सामाजिक क्षेत्र में आपको सफलता और यश-कीर्ति मिलने का भी योग है। आकस्मिक धन लाभ की संभावना है। क्रोध पर संयम बरतने की आवश्यकता हैं, वरना व्यर्थ विवाद में फंस सकते हैं। पुराने विवाद का हल निकालने के लिए किसी का अहसान लेना पड़ेगा।

वृश्चिक राशि :- शारीरिक तथा मानसिक रूप से आज आप व्यग्र रहेंगे। चिंताओं के कारण मानसिक भार रह सकता है, जो कि आपको मानसिक रूप से अस्वस्थ रख सकता है। परिवारजनों के साथ भी मनमुटाव होने का प्रसंग बन सकता है, जिससे घर का वातावरण बिगड़ सकता है। परिश्रम की अपेक्षा सफलता की प्राप्ति कम होने से आर्थिक संकट की चिंता रहेगी। बिना सोचे-समझे निर्णय न लें, ऐसा करना आपके लिए नुकसानदायक रहेगा।

धनु राशि :- आज आपको अपने क्रोध पर संयम बरतने की आवश्यकता हैं, वरना व्यर्थ विवाद में फंस सकते हैं। पेट सम्बंधित बीमारियों की समस्या रहेगी। किसी भी कार्य में सफलता न मिलने से निराशा आने की संभावना है। साहित्य या अन्य किसी सृजनात्मक कला के प्रति रुचि रहेगी। संतानों के प्रति चिंता रहने से मन में व्यग्रता रहेगी। प्रवास को संभव हो तो टालिएगा।

मकर राशि :- आज का दिन प्रतिकूलताओं से भरा रहेगा। आज आप में स्फूर्ति का अभाव रहेगा। परिवारजनों के साथ झगड़े-टंटे के अथवा तो निरर्थक चर्चा के प्रसंग बनेंगे। इससे आप का मन व्यथित रह सकता है। अपकीर्ति, अपयश मिलने की संभावना है। निद्रा संपूर्ण न मिलने से आपका स्वास्थ्य बिगड़ेगा।

कुंभ राशि :- आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आपके मन से चिंता का भार हल्का हो जाएगा और आप मानसिक रूप से प्रफुल्लितता का अनुभव करेंगे। साथ में शारीरिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। पारिवारिक वातावरण आनंदित रहेगा। विशेषकर भाई-बहनों के साथ संबंधों में मधुरता का अनुभव करेंगे। अविवाहित के लिए रिश्ता बनने की संभावना है।

मीन राशि :- नकारात्मक विचारों को अपने मन से हटाइएगा। क्रोध और वाणी पर संयम बरतना होगा। किसी से वाद-विवाद या झगडे-टंटे को संभव हो तो टाल दीजिएगा। खान-पान पर संयम रखिएगा। शारीरिक स्वास्थ्य मध्यम रहेगा। रुका हुआ धन पाने के लिए किए गए प्रयास रंग लाएंगे। कला से धनार्जन करने की सोच रहे हैं तो निश्चित ही लाभ होगा। किसी पर आसानी से विश्वास न करें।

हमीरपुर : हत्या के 28 साल पुराने मामले में 17 को उम्रक़ैद की सज़ा

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मंगलवार को दलित उत्पीड़न मामलों की विशेष अदालत ने हत्या के 28 साल पुराने मामले में 17 आरोपियों को दोषी क़रार देते हुए उम्रक़ैद और अर्थदंड की सज़ा सुनाई है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार विशेष न्यायाधीश (एससीएसटी) मोहम्मद असलम ने दोहरे हत्याकांड मामले में फैसला सुनाते हुये 17 लोगों को आजीवन कारावास व 30-30 हजार रुपए जुर्माना लगाया है।

इस मामले में कुरारा क्षेत्र के चकोठी गांव में सन 1994 में पुरानी रंजिश के चलते 25 लोगों ने घेरकर अवैध असलहो से गांव के जसवंत व मोतीलाल की हत्या कर दी थी। इसमें सभी 25 नामज़द के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज हुई थी।

मामले की सुनवाई के दौरान पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य अभी तक फरार हैं। मृतक जसबंत के भाई रमेशचन्द्र ने ओमप्रकाश, अर्जुन सिंह और भरत सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

रमेशचंद्र ने बताया कि उसके भाई को घेरकर घर के दरवाजे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने गांव के ही मोतीलाल को घेर लिया था। जो जान बचा कर रिठारी की तरफ भागा था। जहां फूला के घर में हत्यारोपियों ने उसे भी घेर कर मार दिया था।

अधिवक्ता, विशेष लोक अभियोजन विजय सिंह ने बताया की इस मामले की सुनवाई 28 साल तक अदालत में चली। दोनो पक्षों की सुनवाई पूरी होने पर अदालत ने वीर सिंह और जाहर सिंह सहित 17 हत्यारोपियों को दोषी ठहराते हुए सभी को आजीवन कारावास और 30-30 हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई है।

चित्तौड़गढ़ : हेलमेट में छुपा कर ले जाई जा रही अवैध अफीम जब्त

चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार दोपहर एक मोटरसाइकिल सवार के कब्जे से हेलमेट में छुपा कर ले जा रही दो किलो से अधिक अफीम जब्त की।

पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि सूचना मिलने पर हाईवे स्थित जोजरो का खेड़ा बस स्टैंड पर नाकाबंदी के दौरान मुखबिर द्वारा बताए हुलिए अनुसार एक व्यक्ति चित्तौड़गढ़ गंगरार की तरफ से मोटरसाइकिल पर आता हुआ दिखा। जिसकी पेट्रोल की टंकी पर हेलमेट रखा हुआ था। जो नाकाबंदी करते पुलिस जाब्ता को देखकर मोटरसाइकिल को वापस घुमा भागने लगा।

पुलिस ने इसका पीछा कर घेरा देकर रोका तथा मोटरसाइकिल पर रखी हेलमेट की नियमानुसार तलाशी ली तो हेलमेट के नीचे अवैध अफीम पाई गई। जिसका वजन करने पर दो किलो 700 ग्राम हुआ। अफीम एवं मोटरसाइकिल को जप्त कर आरोपी सारणो की ढाणी मिंडोली पुलिस थाना भोपालगढ़ जिला जोधपुर निवासी 28 वर्षीय नरेंद्र चौधरी को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी नरेंद्र चौधरी ने पुलिस पूछताछ में उक्त अवैध अफीम नीमच मध्यप्रदेश की तरफ से लाकर मारवाड़ ले जाना बताया। इस संबंध में थाना गंगरार पर एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।