Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 740 -
होम ब्लॉग पेज 740

सुप्रीम कोर्ट में नूपुर शर्मा के खिलाफ पुन: याचिका दाखिल

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी को लेकर उनकी गिरफ्तारी की मांग वाली एक और याचिका बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई।

न्यायमूर्ति इंदिरा बनर्जी की अध्यक्षता वाली दो न्यायाधीशों की अवकाश पीठ ने तत्काल सुनवाई करने से इनकार करते हुए याचिकाकर्ता अबू सोहेल को मामले को सूचीबद्ध करने के लिए मेंशनिंग रजिस्ट्रार से संपर्क करने को कहा।

याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस नूपुर शर्मा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

अधिवक्ता सोहेल ने इसके पहले जून के मध्य में भी भाजपा की पूर्व प्रवक्ता की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शीर्ष अदालत में याचिका दाखिल की थी। उसने सुप्रीम कोर्ट से मांग की थी कि नूपुर शर्मा को पैगंबर मोहम्मद साहब के खिलाफ कथित नफरत भरे बयान के लिए अधिकारियों को कार्रवाई करने और गिरफ्तार करने का निर्देश दिया जाए।

गौरतलब है कि नूपुर शर्मा की ओर से पैंगम्बर मोहम्मद पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए गए।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को रचाएंगे दूसरी शादी

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को चंडीगढ़ में डॉ गुरप्रीत कौर के साथ दूसरी बार शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।

आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शादी समारोह में शामिल होंगे। अड़तालिस वर्षीय मान की शादी उनके घर में एक छोटे से निजी समारोह में होगी जिसमें परिवार के करीबी सदस्य ही शामिल होंगे। केजरीवाल भी शादी समारोह में शामिल होकर दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देंगे।

उल्लेखनीय है कि मान का छह साल पहले तलाक हो गया था और उनकी पहली पत्नी और दोनों संतानें अमरीका में रहते हैं। मान के दोनों बच्चे शपथ ग्रहण समारोह में तब आए थे जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

खबरों के मुताबिक मान की मां हरपाल कौर की इच्छा थी कि उनका पुत्र फिर से घर बसा लें। मान डॉ गुरप्रीत कौर से शादी करेंगे, जो कथित तौर पर मुख्यमंत्री की मां और बहन की पसंद रही हैं।

मान ने पहले कहा था कि उन्होंने अपने परिवार पर पंजाब में सेवा को चुना, संगरूर से निर्वाचित प्रतिनिधि होने के नाते, वह अमरीका में नहीं बस सकते थे, जबकि उनकी पत्नी उनके साथ रहने के लिए भारत नहीं जा सकती थी, इसलिए उन दोनों ने तलाक मांगा था।

मान कॉमेडियन से राजनेता बने हैं। वह पहली बार 2014 में पहली बार संगरूर से सांसद बने थे। उस समय उनकी पत्नी इंद्रजीत कौर ने भी उनका प्रचार किया था। बताया जा रहा है कि 2015 में दोनों के बीच तलाक हो गया था।

मान ने 2019 लोकसभा चुनाव में भी संगरूर सीट से ही विजय हासिल की थी। इसके बाद वह 2022 में आम आदमी पार्टी की ओर से ही पंजाब में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बने। इस चुनाव में आप को मिले प्रचंड बहुमत के बाद उनको मुख्यमंत्री बनाया गया।

मुख्तार अब्बास नकवी और आरसीपी सिंह का मंत्री पद से इस्तीफा

नई दिल्ली। अल्पसंख्यक मामलों में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और आरसीपी सिंह ने मोदी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। उनका राज्यसभा कार्यकाल खत्म होने जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार की कैबिनेट बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्रियों मुख्तार अब्बास नकवी और राम चंद्र प्रसाद सिंह के देश और लोगों के योगदान की सराहना की। सूत्रों के मुताबिक आज हुई कैबिनेट की बैठक के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने मुख्तार अब्बास नकवी के कामकाज की तारीफ की।

बतादें कि राज्यसभा सांसद के रूप में मुख्तार अब्बास नकवी और राम चंद्र प्रसाद सिंह का कार्यकाल गुरुवार को समाप्त होने जा रहा है। पीएम मोदी की अध्यक्षता में दोनों केंद्रीय मंत्रियों के कामों की सराहना की गई। यह उनकी आखिरी कैबिनेट बैठक थी।

सूत्रों ने बताया कि दोनों मंत्रियों ने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री को सौंपा। कैबिनेट की बैठक के तुरंत बाद नकवी ने यहां पार्टी मुख्यालय में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। भाजपा के वरिष्ठ नेता नकवी राज्यसभा के उपनेता भी हैं। जबकि, राम चंद्र प्रसाद सिंह जद (यू) कोटे से मोदी कैबिनेट में मंत्री हैं।

हाल ही में हुए राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव में भाजपा ने उन्हें कहीं से उम्मीदवार नहीं बनाया था। तब से ही ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी उन्हें एनडीए का उपराष्ट्रपति उम्मीदवार या फिर किसी बड़े राज्य का राज्यपाल बना सकती है।

प्रयागराज में जन्मे नकवी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से शिक्षा हासिल की। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समय देश में आपातकाल घोषित होने पर उन्हें जेल में रहना पड़ा था। नकवी कभी इंदिरा गांधी को चुनाव में हराने वाले समाजवादी नेता राजनारायण के करीबी थे और उनके प्रभाव में सोशलिस्ट हुआ करते थे। बाद में वे बीजेपी में शामिल हो गए। वे दो किताबें स्याह और दंगा भी लिख चुके हैं।

सलमान खान के वकील हस्तीमल सारस्वत को मिली धमकी

जोधपुर। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता सलमान खान के वकील हस्तीमल सारस्वत को जान से मारने की धमकी मिली हैं। सारस्वत ने इस संबंध में महामंदिर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

मंगलवार को दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया है कि ओल्ड हाईकोर्ट में जुबली चेम्बर में उनके कक्ष की कुंडी में मिले पत्र में लिखा है कि (सलमान) दुश्मन का दोस्त हमारा पहला दुश्मन हस्तीमल हम छोड़ेंगे नहीं पूरे परिवार सहित मूसेवाले जैसा हाल कर देंगे बहुत जल्द।

सारस्वत ने शिकायत में बताया कि वह सवा महीने से अमरीका गए हुए थे। गत 30 जून की शाम जोधपुर आए और तीन जुलाई की रात उनके जूनियर एडवोकेट जितेंद्र प्रसाद विश्नोई घर आकर बताया कि एक जुलाई सुबह साढ़े दस बजे जब वह ओल्ड हाईकोर्ट में उनके कक्ष पर पहुंचे तो वहां कुंडी में एक पत्र मिला। जिसमें मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रखी है।

पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर उनके घर पर सुरक्षा लगा दी गई है और मामले की जांच भी शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि सारस्वत सलमान खान के चिंकारा हिरण शिकार मामले में वकील हैं।

डीजीसीए ने स्पाइसजेट एयरलाइन को थमाया कारण बताओ नोटिस

नई दिल्ली। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने स्पाइसजेट एयरलाइन पर संरक्षा संबंधी मानदंडों को लेकर लापरवाही बरतने के लिए कड़ी चेतावनी के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

डीजीसीए ने मंगलवार देर रात जारी अपने नोटिस में कहा कि स्पाइसजेट लिमिटेड विमान नियम 1937 के नियम 134 और 11वीं अनुसूची के अनुरूप एक सुरक्षित, दक्ष एवं भरोसेमंद हवाई सेवा प्रदान करने में विफल रही है। स्पाइसजेट लिमिटेड के जवाबदेह प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस देकर तीन सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा गया है कि आखिर कंपनी के विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं की जाए।

नोटिस में कहा गया कि एक अप्रैल 2022 से लेकर अब तक स्पाइसजेट एयरलाइन की उड़ानों में विमानों को लेकर कई घटनाएं सामने आईं हैं जिनकी समीक्षा की गई और पाया गया कि विमान या तो उड़ान के प्रारंभ के स्थान पर वापस लौटा अथवा ऐसे स्थानों पर उतरा जहां संरक्षा के मानदंड घटिया दर्जे के थे।

नोटिस में कहा गया कि समीक्षा के दौरान पाया गया कि आंतरिक संरक्षा उपाय निम्नकोटि के थे और अनुरक्षण कार्रवाई अपर्याप्त थी चाहे वह उपकरण संबंधी अनुरक्षण हो या सिस्टम संबंधी। इसी प्रकार से सितंबर 2021 में डीजीसीए द्वारा किए गए वित्तीय प्राक्कलन में पाया गया कि विमानन कंपनी संरक्षा संबंधी आपूर्तिकर्ताओं और वेंडरों को नियमित रूप से भुगतान नहीं कर रही है जिससे उपकरणों की कमी हो रही है और विमानाें में अक्सर तकनीकी गड़बड़ियां हो रहीं हैं। नोटिस में कहा गया कि अगर तीन सप्ताह में नोटिस का जवाब नहीं मिला तो एक पक्षीय ढंग से कार्यवाही की जाएगी।

स्पाइसजेट के दिल्ली से दुबई जाने वाली उड़ान एसजी-11 के कल आपात स्थिति में कराची उतरने की घटना एवं एक और विमान के प्रॉयोरिटी लैंडिंग के बाद डीजीसीए ने यह कार्रवाई की है।

खराब मौसम के कारण स्थगित अमरनाथ यात्रा बहाल

श्रीनगर। केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में बालटाल और नुनवान मार्ग पर खराब मौसम के कारण स्थगित अमरनाथ यात्रा बुधवार को पुन: शुरू हो गई।

सूत्रों के अनुसार 30 जून को शुरू हुई इस 43 दिवसीय तीर्थयात्रा में बुधवार सुबह तक 75,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ मंदिर में पवित्र गुफा में पूजा अर्चना की।

सूत्रों ने बताया कि सुबह गंदेरबल जिले के बालटाल मार्ग पर 10,081 तीथयात्री गुफा की तरफ रवाना हुए जिनमें 2,502 महिलाएं, 181 बच्चे और 75 साधु हैं। उन्होंने कहा कि 249 तीर्थयात्रियों को सुबह 11 बजे तक पवित्र गुफा के लिए एयरलिफ्ट किया गया।

मंगलवार को पहलगाम के नुनवान और गंदेरबल में बालटाल आधार शिविर से किसी भी तीर्थयात्री को खराब मौसम के कारण गुफा की तरफ नहीं जाने दिया गया था।

मौसम विभाग के अनुसार बालटाल, दुमेल, ब्ररिमार्ग, संगम और पवित्र गुफा की तरफ पूरे दिन मध्यम बारिश होने की संभावना है। पहलगाम में मध्यम बारिश के साथ बादल छाए रहने का अनुमान है।

घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपए की बढ़ोतरी

नई दिल्ली। पहले ही महंगाई से जूझ रहे आम आदमी पर बुधवार को घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम 50 रुपए बढ़ा दिए जाने से बोझ और बढ़ गया।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) की अधिसूचना के अनुसार घरेलू गैस के दाम में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में गैर-सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 1,053 रुपए हो गई। इसकी कीमत कोलकाता में 1,079 रुपए, मुंबई में 1,052 और चेन्नई में 1068 रुपए पर पहुंच गई है।

इससे पहले 19 मई, सात मई और 22 मार्च को दामों में बढ़ोतरी की गई थी। इस दौरान पांच किलोग्राम सिलेंडर के दाम में भी बढ़ोतरी की गई जबकि 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर के दाम घटाए गए हैं।

कंपनी ने कहा कि घरेलू पांच किलोग्राम वाले सिलेंडर के दामों में 18 रुपए का इजाफा हुआ है और 19 किलोग्राम के व्यावसायिक सिलेंडर के दाम में 8.50 रुपए की कमी की गई है

इस बढ़ोतरी के बाद से दिल्ली में 19 किलोग्राम सिलेंडर के दाम 2,012.50 रुपए, कोलकाता में 2,132 रुपए, मुंबई में 1972.50 रुपए और चेन्नई में 2,177 रुपए हो गए हैं। इस माह दूसरी बार व्यावसायिक सिलेंडर के दाम में परिवर्तन हुआ है। पेट्रोल-डीजल के दाम हालांकि स्थिर रहे।

तालिबान ने जमीन से खोद निकाली अपने संस्थापक मुल्ला उमर की कार

काबुल। अफगानिस्तान में तालिबान की सरकार ने अपने संस्थापक मुल्ला मोहम्मद उमर के कार को जमीन से खोद निकाली है। उमर ने अफगानिस्तान से अमेरिकी सेनाओं के हटने के बाद देश के दक्षिणी हिस्से में छिपने के लिए इस कार का इस्तेमाल किया था।

ब्रितानी दैनिक समाचार पत्र द गार्डियन के अनुसार संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों ने इस कार को काबुल के राष्ट्रीय संग्रहालय में रखे जाने का प्रस्ताव दिया है।

तालिबान के नेतृत्व वाली अफगान सरकार में गृह मंत्री सिराजुद्दीन हक्कानी ने एक ट्वीट में कहा कि इस कार में सवार होकर एक ऐसे शख्स ने सफर तय किया है जो इतिहास की सबसे अद्भुत घटनाओं के हिस्सा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उन्हें अल्लाह पर भरोसा था। उन्होंने दर्जनों हमलावर देशों के खिलाफ संघर्ष किया और जीत हासिल की। उनकी कार को देश के राष्ट्रीय संग्रहालय में रखा जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि खुदाई से जुड़ी तस्वीरों को तालिबान से जुड़े एक कार्यकर्ता ने ट्विटर पर साझा किया। तस्वीरों में कार को प्लास्टिक की शीट से ढका हुआ देखा जा सकता है।

कानपुर डबल मर्डर का खुलासा, दत्तक बेटी ने ही किया माता पिता का खून

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार को एक दंपती की हुई संदिग्ध मौत के मामले की असलियत को उजागर करते हुए पुलिस ने बुधवार को बताया कि मृतक दंपत्ति की गोद ली हुई बेटी ने ही संपत्ति के लालच में अपने माता-पिता को मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस की इस कहानी को सुन कर सभी दंग रह गए। कानपुर क्षेत्र के पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीना ने बताया कि दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया है। संपत्ति के लालच में बेटी ने वारदात को अंजाम दिया था और वह अपने भाई को भी मार डालना चाहती थी लेकिन अपने भाई को मारने में सफल नहीं हो सकी। अपने माता पिता को मौत के घाट उतारने के लिए बेटी ने पूरे षडयंत्र में अपने प्रेमी का भी सहारा लिया था और उसकी मदद से पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया गया है।

उन्होंने बताया कि दत्तक बेटी ने जूस में नशीला पदार्थ मिला कर माता पिता को मौत की नींद सुला दिया। कानपुर के बर्रा-2 में रहने वाले फील्ड गन फैक्ट्री से सेवानिवृत्त हुए 65 वर्षीय मुन्नालाल उत्तम करीब 25 वर्ष से पत्नी राजदेवी, बेटे विपिन और गोद ली हुई बेटी आकांक्षा के साथ रहते थे। मुन्नालाल के कोई बेटी नहीं थी, इसीलिए उन्होंने अपने भाई रामप्रकाश की बेटी आकांक्षा को गोद ले लिया था।

रोज की तरह सोमवार की देर रात पूरा परिवार एक साथ बैठ कर बातचीत कर रहा था, तभी आकांक्षा पूरे परिवार के लिए अनार का जूस बना कर लाई। उसने सभी को जूस पिलाया लेकिन उसके भाई विपिन थोड़ा सा जूस पीकर अपने कमरे में सोने के लिए चला गया।

मंगलवार की सुबह आकांक्षा रोती हुई विपिन के कमरे में पहुंची और चिल्ला चिल्ला कर कहा कि मम्मी पापा को किसी ने मार दिया है। घबराकर विपिन नीचे आया और उसने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो पहले हत्या का पूरा शक भाई विपिन के सालों की तरफ जा रहा था। जिसके चलते विपिन ने पारिवारिक विवाद में अपने सालों सुरेन्द्र और मयंक उत्तम को ही नामजद भी करा दिया गया।

पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, पुलिस के शक के घेरे में आकांक्षा भी आ गई। पुलिस ने आकांक्षा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो पहले वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन आखिरकार वह टूट गई और उसने पूरा घटनाक्रम पुलिस को बता दिया।

आकांक्षा ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि घर में जब भी संपत्ति की बात चलती थी, तो पिता उसकी शादी कर संपत्ति भाई को देने की बात करते थे। जिसके चलते वह नाराज चल रही थी और पिछले 6 महीने से वह पापा मम्मी के साथ भाई को मौत के घाट उतारना चाहती थी।

उसने अपने प्रेमी रोहित के साथ मिलकर पूरा षड्यंत्र रचा था। सोमवार को सही मौका मिलने पर उसने जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पापा मम्मी सहित भाई को दे दिया। जिसके चलते पापा मम्मी बेहोश हो गए, लेकिन भाई अपने कमरे में चला गया। भाई ने कमरे की कुंडल लगा ली।

उसने बेहोश पापा मम्मी को प्रेमी के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया, लेकिन भाई विपिन बच गया। आकांक्षा ने पुलिस को यह भी बताया कि उसने जानबूझकर अपने भाई को बताया था कि उसने जाते हुए उनके साले को देखा है। इस पर विपिन ने तहरीर में अपने सालों काे नामजद किया था।

अजमेर में विवादित वीडियो अपलोड करने वाला खादिम सलमान चिश्ती अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में अजमेर दरगाह थाना पुलिस ने विवादित वीडियो अपलोड करने के मामले में हिस्ट्रीशीटर खादिम सलमान चिश्ती को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने इस मामले में मंगलवार शाम सलमान को उसके खादिम मोहल्ला स्थित निवास से गिरफ्तार किया। प्रथम दृष्टया उसने पुलिस को नशे में वीडियो बनाने की बात कही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, दरगाह सीओ सारस्वत, सीआई दलबीर सिंह ने विवादास्पद वीडियो जारी करने के बाद भूमिगत हुए इस खादिम को गिरफ्तार किया।

उल्लेखनीय है कि सलमान चिश्ती ने वीडियो अपलोड कर भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपूर शर्मा का गला काटकर लाने वाले को अपना घर गिफ्ट में देने का एलान किया था। इस वीडियो के बाद मुस्लिम एवं गैर मुस्लिम समाज में तीखी प्रतिक्रिया हुई। इसके बाद खादिमों की संस्था अंजुमन कमेटी व दरगाह कमेटी को शांति व सौहार्द बनाए रखने का संदेश जारी करना पड़ा।

खादिम के बिगडे बोल, जो भी नुपुर शर्मा की गर्दन लाएगा, मैं उसे अपना घर दे दूंगा