Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 739 -
होम ब्लॉग पेज 739

कैबिनेट बैठक : कन्हैयालाल के दोनों पुत्रों को नौकरी सहित कई फैसले

जयपुर। राजस्थान सरकार ने उदयपुर घटना में मृतक कन्हैयालाल के पुत्रों को सरकारी नौकरी देने में शिथिलता प्रदान करने, राजकीय कार्मिकों की वेतन विसंगतियों को दूर करने, न्यूज वेबसाइट्स को सरकारी विज्ञापन जारी करने, नवीन राजकीय महाविद्यालयों के बेहतर प्रबंधन के लिए राजस्थान कॉलेज एजुकेशन सोसायटी का गठन करने सहित कई अह्म निर्णय लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसले लिए गए। मंत्रिमंडल ने संवेदनशील निर्णय लेते हुए उदयपुर की आतंकवादी घटना में मृतक कन्हैयालाल तेली के पुत्र यश तेली और तरूण तेली को राजकीय सेवा में नियुक्ति देने का निर्णय लिया है। नियुक्ति के लिए नियमों में शिथिलता दी गई है।

यह नियुक्ति राजस्थान अधीनस्थ कार्यालय लिपिकवर्गीय सेवा (संशोधन) नियम, 2008 एवं 2009 के नियम 6ग के तहत प्रदान की जाएगी। आतंक फैलाने वाली इस जघन्य घटना के कारण मृतक के परिवार में जीविकोपार्जन का अन्य कोई स्रोत नहीं होने से आश्रितों को नियुक्ति दिए जाने पर जीवनयापन सुचारू रूप से चलेगा और परिवार को आर्थिक एवं मानसिक संबल प्राप्त होगा।

उल्लेखनीय है कि ऎसे व्यक्ति के एक आश्रित को जिसकी वर्ष 1992 या उसके पश्चात आतंकवादी हमलों, आंदोलनों, धरनों, प्रदर्शनों और रैलियों जैसी घटनाओं में मृत्यु हो गई हो, नियुक्ति दी जा सकती है। ऎसे में कन्हैयालाल के एक पुत्र को ही नियमानुसार अनुकंपात्मक नियुक्ति प्रदान की जा सकती थी लेकिन अब इस निर्णय से दूसरे आश्रित को भी नियुक्ति मिल सकेगी।

न्यूज वेबसाइट पर विज्ञापन के लिए गाइडलाइन

मंत्रिमंडल ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा न्यूज वेबसाइट पर विज्ञापन जारी करने के लिए नवीन पॉलिसी गाइडलाइन जारी करने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया हैं। वर्तमान में प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया में राजकीय विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर विभिन्न न्यूज वेबसाइट आमजन में काफी लोकप्रिय है, अतः समय की मांग के अनुसार पॉलिसी गाइडलाइन जारी होने से न्यूज वेबसाइट्स पर राज्य सरकार की रीति-नीति एवं जनकल्याणकारी योजनाओं/कार्यक्रमों का लाभ आमजन तक त्वरित गति से पहुंच सकेगा।

नवीन गाइडलाइन के अनुसार वेबसाइट डीएवीपी में पंजीकृत होनी चाहिए। साथ ही उसके कुल कंटेंट का 50 प्रतिशत समाचार होना चाहिए। इस 50 प्रतिशत में से 25 प्रतिशत राजस्थान से संबंधित होना चाहिए। डीएवीपी. द्वारा बनाई गई ए, बी, और सी श्रेणी के अनुरूप प्रचलित विज्ञापन, आकार और दर राज्य सरकार द्वारा जारी किए जाने वाले विज्ञापनों पर मान्य होगी।

मंत्रीमंडल ने ये अहम फैसले भी लिए

मंत्रिमंडल ने उच्च शिक्षा के अधीन नवीन राजकीय महाविद्यालयों के संचालन एवं विकास के लिए राजस्थान कॉलेज एजुकेशन सोसायटी के गठन का अनुमोदन किया है। इससे नवीन राजकीय महाविद्यालयों का बेहतर प्रबंधन और सुगमता से संचालन किया जा सकेगा।

सोसायटी के गठन से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान के युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी। विभिन्न विशिष्टताओं से संबंधित अनुसंधान गतिविधियों के संचालन में सुगमता आएगी और विश्लेषणात्मक ष्टिकोण को मजबूती मिलेगी। राजस्थान या अन्यत्र स्थित अन्य विशिष्ट शिक्षा संस्थानों के साथ सामंजस्य स्थापित करने में भी आसानी होगी।

इसी तरह मंत्रिमंडल द्वारा कोटा की तहसील रामगंज मंडी में तकली मध्यम सिंचाई परियोजना के डूब क्षेत्र में राजकीय भूमि में स्थित पूर्ण डूब के गांवों में बसे व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए एक मुश्त विशेष अनुग्रह राशि स्वीकृत की गई है। इस निर्णय से ग्राम दडिया, दुडकली, तमोलिया, सारनखेड़ी, सोहनपुरा, ताल्याबड़ी व आंशिक डूब के गांव रघुनाथपुरा में बसे व्यक्तियों को 21 करोड़ 12 लाख 78 हजार रूपये का भुगतान किया जाएगा।

इस निर्णय से डूब क्षेत्र के 1104 परिवारों को प्रति परिवार एक लाख 91 हजार 375 रूपये विशेष अनुग्रह राशि मिलेगी। गतिरोध दूर होने से बकाया निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होंगे। इससे बांध में जलभराव कर रामगंज मंडी तहसील के 32 गांवों की 7800 हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र को सिंचाई सुविधा प्रदान की जा सकेगी।

मंत्रिमंडल ने बजट घोषणा के क्रम में एश्यॉर्ड कैरियर प्रोग्रेशन (एसीपी) की विसंगतियों, पुलिस दूरसंचार अधीनस्थ सेवा सहायक उप निरीक्षकों एवं हैड कांस्टेबलों की वेतन विसंगति को दूर करने के लिए जारी किए गए आदेशों का कार्योत्तर अनुमोदन किया है।

राज्य के विशेष योग्यजन कर्मचारियों के वाहन भत्ते को बढ़ाकर 600 से 1200 रूपए किया गया। साथ ही, विशेष योग्यजन श्रेणी में एक अतिरिक्त ‘स्पाइनल डेफरमेटी‘ श्रेणी के दिव्यांग कार्मिकों को भी वाहन भत्ता दिया जाने का अनुमोदन किया गया।

मंत्रिमंडल ने अतिरिक्त आवासीय आयुक्त, नई दिल्ली विमल शर्मा की पुनर्नियुक्ति अवधि में अभिवृद्धि के प्रस्ताव का अनुमोदन किया। राजस्थान सिविल सेवा (पेंशन) नियम, 1996 के नियम 164-ए में शिथिलन प्रदान कर 65 वर्ष की आयु के उपरांत शर्मा की संविदा पर नियुक्ति अवधि में गत एक अप्रैल से 30 सितंबर तक (छह माह) के लिए अभिवृद्धि की गई है। इस निर्णय से आवासीय आयुक्त कार्यालय के संचालन में सहायता मिलेगी।

संविधान विरोधी टिप्पणी विवाद : केरल के मंत्री साजी चेरियन का इस्तीफा

तिरुवनंतपुरम। संविधान विरोधी टिप्पणी विवाद में फंसे केरल के मत्स्य एवं संस्कृति मंत्री साजी चेरियन ने बुधवार को कहा कि वह अपने खिलाफ लगे आरोप की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच के लिए मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे रहे हैं।

चेरियन ने आज शाम यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मंत्रिमंडल में मेरे बने रहने से मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच या निर्णय में बाधा नहीं आनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि उनका कभी भी संविधान को अपमानित करने का इरादा नहीं रहा है, क्योंकि उनके मन में संविधान का बहुत सम्मान है। उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री को भेज दिया।

उन्होंने कहा कि मल्लापल्ली में दिए गए मेरे भाषण को मीडिया द्वारा विकृत और गलत व्याख्या किया गया था। इस्तीफा सौंपने का यह मेरा व्यक्तिगत निर्णय है। मैंने कुछ भी गलत नहीं कहा है।

ऐसी खबरें हैं कि मंत्री ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा इस मुद्दे पर उठाए गए कड़े रुख के कारण इस्तीफा दिया है। सीपीएम आलाकमान ने चेरियन की संविधान विरोधी टिप्पणियों पर नाराजगी व्यक्त की थी।

इस बीच तिरुवल्ला मजिस्ट्रेट कोर्ट ने पुलिस को साजी चेरियन के खिलाफ उनकी विवादास्पद टिप्पणी पर मामला दर्ज करने का निर्देश दिया। आदालत ने यह आदेश कोच्चि के रहने वाले एक वकील की याचिका पर दिया। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय ने आज शाम राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को मंत्री का इस्तीफा भेज दिया।

भीलवाड़ा जिले में 17 साल की लडकी के साथ रेप

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में घर के बाहर बैठी किशोरी को एक युवक के बहला-फुसला कर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।

सुबह आरोपी से नजर बचाकर पीडि़ता उसके चंगुल से निकली, जो तलाश में जुटे परिजनों को मिल गई। इसके बाद उसने आपबीती बताई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि सत्रह वर्षीय नाबालिग लड़की मंगलवार शाम सात बजे घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान विशाल नामक युवक मोटरसाइकिल लेकर आया और नाबालिग को बहला फुसला कर मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने घर ले गया। जहां उसने अपने मकान के पीछे बने कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

विशाल को नींद आ जाने पर पीडि़ता वहां से निकल गई। कुछ दूर जाने पर किशोरी को उसकी तलाश में जुटे परिजन मिल गए। बाद में परिजन उसे जहाजपुर थाने ले गए। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी राजकुमार नायक मामले में जांच कर रहे हैं।

ओडिशा में 7 साल की बच्ची से गैंगरेप, छह किशोर अरेस्ट

केंद्रपाड़ा। ओडिशा में केंद्रपाड़ा सदर पुलिस ने सात साल की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में छह नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।

केंद्रपाड़ा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मदकर संदीप संपत ने बुधवार को बताया कि छह नाबालिगों ने कथित तौर पर नाबालिग लड़की को अपने साथ चॉकलेट लेने के लिए आने को कहा।

इसके बाद नाबालिग लड़की को एक सुनसान घर में ले गए और लड़की को कुछ अश्लील वीडियो दिखाए। बाद में उन्होंने एक के बाद एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और मामले का खुलासा करने पर उसे व उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। यह घटना एक जुलाई की है।

पुलिस अधीक्षक संपत ने कहा कि पीड़ित नाबालिग लड़की को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित नाबालिग लड़की के माता-पिता सदर थाने पहुंचे और प्राथमिकी पर कार्रवाई करते हुए सदर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर गत सोमवार को किशोर को पकड़ लिया। बाद में नाबालिगों को कोरुआ स्थित पल्लीश्री सेवाश्रम के चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूट भेज दिया गया।

मंगलवार को सदर पुलिस छह नाबालिगों और पीड़ित नाबालिग को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल ले गई। पीड़ित लड़की को सीआरपीसी की धारा 164 के तहत अपना बयान दर्ज करने के लिए बुधवार को पुलिस द्वारा सीजेएम-सह-प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष भी पेश किया गया।

पुलिस ने कहा कि छह किशोरों को भी बुधवार को सीजेएम-सह-प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया और बाद में उन्हें अंगुल स्थित सुधार गृह भेज दिया गया।

अजमेर के भाजपा कार्यालय में मनाई श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती

अजमेर। जनसंघ के संस्थापक सदस्य डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के पखवाड़े पर भारतीय जनता पार्टी शहर जिला अजमेर की ओर से पार्टी कार्यालय पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा पौधारोपण किया गया।

शहर जिलाध्यक्ष डॉ प्रियशील हाड़ा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी एक अद्वितीय चिंतक थे जिनका मानना था कि सत्ता का मूल उद्देश्य राज करना नहीं बल्कि राष्ट्र-निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य करना है। उनका सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का दर्शन और भारत की मूल संस्कृति के अनुरूप नीतियों को अपनाने के विचार हमेशा हमारा पथ प्रदर्शन करते रहेंगे।

उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि एक समय जम्मू-कश्मीर में प्रवेश के लिए परमिट लेना पड़ता था। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक विधान, एक प्रधान और एक निशान के संकल्प के लिए बलिदान देकर कश्मीर से परमिट राज खत्म कर उसे भारत का अभिन्न अंग बनाया। डॉ. मुखर्जी के इस संघर्ष और त्याग के हम सदैव ऋणी रहेंगे और आज की मोदी सरकार ने धारा 370 को हटा कर उनके ही पदचिन्हों पर चलने का कार्य किया है।

पुष्कर विधायक सुरेश रावत ने कहा कि एक महान विचारक, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के उद्योतक जिन्होंने बहुत कम समय मे औद्योगिक नीति से भारत को मजबूती प्रदान करने का प्रयास किया ऐसे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए दिया गया योगदान भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए आदर्श है।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष अरविन्द यादव, धर्मेश जैन, तिलक रावत, आनंद सिंह राजावत, दीपक सिंह, भारती श्रीवास्तव, राजेश शर्मा, हेमन्त सांखला, रवि मित्तल, अंकित गुर्जर, देवेन्द्र सिंह शेखावत, रोहित यादव आदि उपस्थित रहे।

सिरोही पुलिस ने पकड़ा अपराध का ऐसा पैटर्न कि सीखे नहीं तो हो जाओगे शिकार

सिरोही कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़े गए लूट, चोरी व चोरी का माल खरीदने के आरोपी व जब्त वाहन।
सिरोही कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़े गए लूट, चोरी व चोरी का माल खरीदने के आरोपी व जब्त वाहन।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। आप हाइवे पर खड़े हुए वाहन का इंतजार कर रहे हैं। एक कार में तीन-चार अजनबी रुके और आपको लिफ्ट ऑफर की। आप उन्हें भला मानस समझ कर बैठ गए तो फिर क्या हो सकता है इसके प्रति जागरूक सिरोही कोतवाली पुलिस के द्वारा बुधवार को खोली गई वारदात से हो सकते हैं।

हिमाचल के कुल्लू में बादल फटने से तबाही, कई लापता

शिमला। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मणिकर्ण के पास बुधवार को बादल फटने से कम से कम चार से छह लोग लापता हो गए।

पुलिस अधीक्षक गुरुदेव सिंह ने कहा कि यहां मणिकर्ण घाटी के चोझ गांव में भारी बारिश और बादल फटने से आई बाढ़ में चार से छह लोग और कई मवेशी बह गए।

इस दौरान कसोल-जयमाला रोड पर हुए भूस्खलन के बाद एक बचाव दल चलाल पंचायत के चोझ गांव के रास्ते में फंस गया है। बचाव अभियान के लिए दमकल और पुलिस की टीम मौके पर भेजी गई हैं।

इधर भारी बारिश ने शिमला में भी कहर बरपाया है, जहां ढल्ली सुरंग के पास भूस्खलन की चपेट में आकर एक किशोर की मौत हो गई है और दो अन्य घायल हुए हैं।

इसके अलावा, कुल्लू जिले की टी भुंतर तहसील के मलाणा परियोजना-द्वितीय में सुबह 7.35 बजे अचानक बाढ़ आ जाने की वजह से 25 से 30 श्रमिक एक इमारत के अंदर फंस गए थे। सभी को सुरक्षित बचा लिया गया।

अजमेर : भड़काऊ वीडियो वायरल का आरोपी खादिम दो दिन के रिमांड पर

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में भड़काऊ वीडियो वायरल करने के आरोपी सलमान चिश्ती को न्यायालय ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है।

अजमेर दरगाह थाना पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी सलमान को न्यायालय में पेश करना चाहा लेकिन न्यायालय परिसर में वकीलों के एकत्रित होने और नारेबाजी के चलते आरोपी सलमान को न्यायाधीश के घर पर पेश किया गया जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर सौंपे जाने के आदेश हुए। अब पुलिस दो दिन और आरोपी से संबंधित मामले में पूछताछ कर पुनः कोर्ट में पेश करेगी।

उल्लेखनीय है कि सलमान चिश्ती को बीती मध्यरात्रि दरगाह थाना पुलिस ने उसके निवास खादिम मोहल्ले से गिरफ्तार किया था। आरोपी ने वायरल वीडियो में भाजपा प्रवक्ता नुपूर शर्मा का सिर काटकर लाने वाले को अपना घर गिफ्ट करने की बात कही थी।

खादिम के बिगडे बोल, जो भी नुपुर शर्मा की गर्दन लाएगा, मैं उसे अपना घर दे दूंगा

कर्नाटक के तुमकुरु में बंदूक रैकेट में नौ अरेस्ट

बेंगलूरु। कर्नाटक के तुमकुरु में अवैध रूप से देसी सिंगल-बैरल बंदूकें बनाने और बेचने वाले एक व्यक्ति सहित नौ लोगों को शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार तुमकुरु के उरदिगेरे होबली के दुर्गादहल्ली हलेकोट निवासी कृष्णप्पा तालुक (42) अवैध रूप से बंदूकें बना रहा था और उन्हें बेच रहा था। एक बढ़ई के अलावा उसने अपने घर में एसबीएमएल बंदूकें और विस्फोटक बनाने के लिए कुछ आवश्यक सामग्री जमा की थी।

देसी बंदूकों की कीमत 10,000 रुपए से 20,000 रुपए तक थी। कांस्टेबल किरण टीएच की शिकायत के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कृष्णप्पा को गिरफ्तार किया और उसके घर से एक देशी बंदूक और बारूद जब्त किया। वह पुरानी और नई तोपों की मरम्मत भी कर रहा था।

गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों में कृष्णप्पा-चिक्कनगैया, शिवराजू, नारायण, नरसिम्हामूर्ति, नरसराजू, सिद्धगंगप्पा और मारुथेश टीवी से बंदूकें खरीदने वाले शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के पास से एक देसी बंदूक बरामद की है।

पुलिस ने बालानाकट्टे के एक वेल्डर 54 वर्षीय मोहम्मद अयाज अहमद को भी गिरफ्तार किया, जिस पर बंदूक बनाने में इस्तेमाल होने वाले धातु के पाइप को वेल्डिंग करने का आरोप है।

खरगोन में अवैध संबंध के आरोप में महिला की पिटाई, 8 अरेस्ट

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के ऊन थाना क्षेत्र के केली ग्राम में कथित तौर पर अवैध संबंधों का आरोप लगाकर एक 45 वर्षीय महिला और उसके चाचा की पिटाई कर महिला को आदिवासी कुप्रथा के नाम पर पति को कंधे पर बिठाकर गांव में घुमाने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने इस घटना के वीडियो वायरल होने पर स्वतः संज्ञान लेकर महिला के पति समेत आठ व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है। खरगोन के पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि ऊन थाना क्षेत्र के केली ग्राम में 30 जून को हुई उक्त घटना के सिलसिले में कल वीडियो वायरल होने के उपरांत सात नामजद और करीब 25 लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसके पति मगन समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि कल एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें 45 वर्षीय महिला से बुरी तरह मारपीट करने के बाद कथित आदिवासी कुप्रथा के नाम पर उसे उसके पति को कंधे पर बैठाकर घुमाते दर्शाया गया था। उन्होंने कहा कि हालांकि इस विषय में कोई शिकायत सामने नहीं आई थी लेकिन पुलिस ने स्वतः मामले को संज्ञान में लेकर विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर 8 लोगों को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने आज घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 30 जून को केली के सरपंच अमर सिंह ने डायल 100 पर एक पारिवारिक विवाद होने की सूचना दी थी, जिसके चलते ऊन थाने से उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे थे। उन्होंने वहां महिला और उसके चाचा अनार सिंह को भीड़ से बचाकर थाने लाने के उपरांत शारीरिक परीक्षण कराया।

उन्होंने बताया कि महिला और अनार सिंह को हल्की चोटें थी लेकिन इसी दौरान ग्रामीणों के हस्तक्षेप के चलते दोनों पक्षों में समझौता हो गया। उन्होंने बताया कि महिला या किसी अन्य ने इस दौरान पुलिस को पति को कंधे पर बैठाने की घटना के बारे में नहीं बताया था। इसके बाद महिला बड़वानी जिले के नागलवाड़ी कोदरा स्थित अपने ससुराल रवाना हो गई। पुलिस ने अनार सिंह की ओर से आवेदन पर असंज्ञेय अपराध भी दर्ज किया था।

कल महिला द्वारा पति को कंधे पर बिठाए जाने और उसे पीटे जाने का वीडियो वायरल होने पर खरगोन के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राकेश मोहन शुक्ला समेत पुलिस बल मौके पर भेजा गया था और घटनाक्रम को लेकर प्रकरण दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि महिला की करीब 25 वर्ष पूर्व नागलवाड़ी के मगन से शादी हुई थी और उसके 4 बच्चे हुए, जिनकी भी शादी हो चुकी है। महिला के पति द्वारा उसके ससुर की हत्या कर दी गई थी जिसके चलते उसे आजीवन कारावास की सजा हो गई थी। पति के जेल चले जाने के बाद महिला बच्चों के साथ मायके आ गई। सात वर्ष के उपरांत जेल से रिहा होने के चलते पति मगन उसे अपने साथ घर ले गया लेकिन विवाद के चलते वह पुनः मायके आ गई और स्थानीय खेतों में और महाराष्ट्र जाकर मजदूरी करने लगी।

इसी दौरान करीब 5 माह पूर्व उसके चाचा अनार सिंह ने खेती में हाथ बंटाने का प्रस्ताव देकर उसे अपने साथ रख लिया। ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताई और उन्हें शक था कि दोनों के मध्य अवैध संबंध है।

29 जून पंचायत बैठाए जाने पर महिला अपने पति के साथ जाने को राजी हो गई। लेकिन वह अगले दिन शौच के बहाने उन्हें चाचा अनार सिंह के यहां चली गई। इसके चलते आक्रोशित महिला के पति मगन और अन्य ग्रामीणों ने उसकी और अनार सिंह की पिटाई की और पति के साथ वापस ले जाने की कथित आदिवासी परंपरा के चलते पति को कंधे पर बिठा कर घुमाया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हालांकि इस मामले को लेकर किसी ने भी शिकायत नहीं की थी और महिला अपने पति के साथ ससुराल चले गई थी। इसके बाद वह विवाद के चलते 4 जुलाई को पुनः अपने मायके आ गई थी।

उन की थाना प्रभारी गीता चौहान ने बताया कि महिला ससुराल नहीं जाना चाहती है, और फिलहाल अपने मायके जाने से भी डर रही है इसलिए उसे उपचारित कराने के उपरांत वन स्टॉप सेंटर खरगोन में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खरगोन में भर्ती कराने से घटना की प्रारंभिक विवेचना में मदद मिलेगी। महिला ने महाराष्ट्र में मजदूरी कर रहे अपने बच्चों के पास भी जाने की इच्छा व्यक्त की है।