Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 742 -
होम ब्लॉग पेज 742

अजमेर : 30 लाख की अवैध चरस बरामद, पति-पत्नी अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में अजमेर की क्रिश्चियन गंज थानापुलिस ने अवैध मादक पदार्थ चरस के साथ पति -पत्नी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। बरामद चरस की अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 लाख रूपए बताई जा रही है।

थाना प्रभारी डा. रवीश सामरिया ने बताया कि थानाक्षेत्र के गांधी स्मृति उद्यान लोहागल रोड से आरोपी पति पत्नी मोहम्मद कासिम(42) तथा आलिया बेगम (40) को 974 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि चरस की कीमत तीस लाख रुपए है।

गिरफ्तार आरोपी मादक पदार्थ संगठित गिरोह के सक्रिय सदस्य है। तथा इनका आपराधिक रेकार्ड है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

नेपाल : रामेछाप बस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत, 19 घायल

काठमांडु। नेपाल के रामेछाप जिले में मंगलवार को एक बस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गयी और 19 अन्य घायल हो गए।

‘काठमांडू पोस्ट’ ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि बस काठमांडू की ओर जा रही थी। इस दौरान खडदेवी-सुनापति मार्ग पर यह हादसा हुआ।

पुलिस ने बताया कि इस हादसे में चार महिलाओं सहित नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोगों की धुलीखेल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना के कारणों के बारे में फिलहाल पता नहीं चल सका है।

काली पोस्टर विवाद : लीना मणिमेकलई के खिलाफ मामला दर्ज

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने फिल्म निर्माता लीना मणिमेकलई के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिल्म निर्माता ने एक डॉक्यूमेंट्री का पोस्टर जारी किया था, जिसमें देवी काली को धूम्रपान करते हुए दिखाया गया है।

लीना ने अपनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘काली’ का एक पोस्टर शेयर किया, जिसमें पीछे एलजीबीटीक्यू समुदाय का झंडा भी दिख रहा है।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि एक पोस्टर के संबंध में दिल्ली पुलिस को शिकायत मिली है। शुरुआती जानकारी में आईपीसी की धारा 153-ए/295-ए के तहत अपराध किया गया है, जिसके लिए स्पेशल सेल में मामला दर्ज किया गया है।

लीना को लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए निंदा का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।

दुबई जा रहे विमान को आपातस्थिति में कराची में उतारा, DGCA ने दिए जांच के आदेश

नई दिल्ली। नागरिक विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने दिल्ली से दुबई जाने वाले स्पाइसजेट के विमान की आपात लैंडिंग की घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

स्पाइसजेट के बी 737 विमान को दुबई के लिए उडान भरने के बाद पाकिस्तान के कराची में आपात स्थिति में उतारा गया था। इसमें सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया था। महानिदेशालय ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच कराने के आदेश दिए हैं।

स्पाइस जेट के प्रवक्ता ने बताया था कि इस विमान को कराची में उतारा गया। उन्होंने कहा कि किसी आपात स्थिति की घोषणा नहीं की गई और विमान की सामान्य लैंडिंग हो गई। विमान के साथ किसी भी खराबी की पहले कोई रिपोर्ट नहीं थी। संकेतक लाइट में तकनीकी खराबी के कारण विमान को कराची की ओर मोड़ दिया गया।

प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों को जलपान कराया गया है। एक विमान को कराची भेजा जा रहा है जो यात्रियों को दुबई ले जाएगा। पिछले 17 दिनों में स्पाइसजेट के विमान में इस तरह की यह छठी घटना है। इससे पहले शनिवार को नयी दिल्ली से मध्य प्रदेश के जबलपुर जा रहे स्पाइसजेट के विमान के केबिन धुआं भरने के बाद उसे सुरक्षित दिल्ली हवाई अड्डे पर उतारा गया। चालक दल के सदस्यों ने करीब 5000 फुट की ऊंचाई पर केबिन में धुआं देखा था।

जामताड़ा : डायन के आरोप में अधेड़ महिला की निर्मम हत्या

जामताड़ा। झारखंड में जामताड़ा जिले के जामताड़ा थाना क्षेत्र में नदी किनारे से एक अधेड़ महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि जिले के धोबना गांव के करमा डंगालपाड़ा गांव की रहने वाली 55 वर्षीय महिला सुखोदी हेंब्रम का शव को देखने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस ने पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

मामले को लेकर मृतका के पुत्र ने जानकारी देते बताया कि उसकी मां बीती बुधवार से गायब थी। काफी खोजबीन के बाद कोई पता नहीं चला। सोमवार को गांव के कुछ बच्चे नदी मछली पकड़ने गए थे। तभी उन लोगों ने बालू में गड़ा हुआ शव को देखा।

नजदीक आने पर महिला का पैर बालू के बाहर निकला हुआ था। तत्काल बच्चों ने शोर मचाते हुए गांव वालों को इकट्ठा किया और ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद ज्योति मिंज का कहना है कि मामले को लेकर मृतका के पुत्र द्वारा आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

संविधान मजदूरों को लूटने के लिए बना : साजी चेरियन

पथानामथिट्टा। केरल राज्य के मत्स्य पालन एवं संस्कृति मंत्री साजी चेरियन ने सोमवार भारतीय संविधान के खिलाफ एक विवादित बयान दिया और कहा कि यह मजदूरों को लूटने की अनुमति देता है।

चेरियन मल्लापल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि भारतीयों ने संविधान लिखा था जो अंग्रेजों द्वारा निर्देशित था। उन्होंने कहा कि यह लोगों और मजदूरों को लूटने की अनुमति देता है। धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र जैसे शब्द संविधान में लिखे गए हैं, लेकिन अंततः आम लोगों के शोषण का इरादा है।भारत एक ऐसा देश है जो श्रमिकों की हड़ताल को भी स्वीकार नहीं करता है। ऐसा संविधान के कारण ही है।

उन्होंने कहा कि यह सुंदर संविधान लोगों और मजदूरों को लूटने की अनुमति देता है। शासन संरचना श्रम शोषण को क्षमा करती है। यही कारण है कि अंबानी और अडानी बढ़े हैं और उन्हें भारतीय संविधान द्वारा सुरक्षा दी गई थी। उनके खिलाफ कितने मजदूर विरोध कर सकते हैं?

मंत्री ने कहा कि अदालत और संसद सब उद्योगपतियों के साथ हैं। मोदी जैसे लोग पूंजीपतियों के पक्ष में निर्णय लेते हैं, इस बात का प्रमाण है कि भारतीय संविधान उनके साथ है। आज के समय में मजदूर अपनी उचित मजदूरी नहीं मांग सकते। अगर वे अदालत में जाते हैं, तो भी फैसला पूंजीपतियों के पक्ष में होगा। देश में सभी समस्याओं के लिए मजदूरों को दोषी ठहराया जा रहा है।अगर वे अदालत का दरवाजा खटखटाते हैं, तो उनसे सवाल किया जाता है कि वे हड़ताल क्यों करते हैं।

जसप्रीत बुमराह ने तोड़ा कपिल देव का 40 साल पुराना रिकॉर्ड

बर्मिंघम। भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने पूर्व कप्तान कपिल देव के 40 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है और इसके साथ ही वह इंग्लैंड के खिलाफ किसी टेस्ट सीरीज में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने तेज गेंदबाज बन गए।

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह ने जैसे ही बल्लेबाज ओली पोप को आउट किया, बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 23 विकेट अपने नाम कर लिए। इसके साथ ही इंग्लैंड के खिलाफ किसी टेस्ट सीरीज में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने तेज गेंदबाज बन गए।

उनसे पहले कपिल देव ने 1981-82 में घरेलू टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के 22 विकेट चटकाए थे। इस मामले में तीसरे नंबर पर भुवनेश्वर कुमार हैं, जिन्होंने 2014 में इंग्लैंड में हुई सीरीज में 19 विकेट निकाले थे।

बुमराह ने सेना देशों (इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका) में अपने 100 विकेट भी पूरे कर लिए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ये उपलब्धि हासिल की और 100 विकेट्स में से सबसे ज्यादा उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ही चटकाए हैं।

बुमराह के नाम फिलहाल सेना देशों में 101 विकेट हैं। वह अनिल कुंबले, इशांत शर्मा, जहीर खान, मोहम्मद शमी और कपिल देव के अलावा 100 विकेट का आंकड़ा पार करने वाले छठे भारतीय गेंदबाज हैं।

शिवसेना मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार : संजय राउत

मुबंई। शिवसेना के प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मंगलवार को जोर देकर कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में पार्टी मध्यावधि चुनाव को लेकर तैयार है और महाराष्ट्र विधानसभा में सौ से ज्यादा सीटें जीत सकती हैं।

चुनावों पर पत्रकारों के पूछे सवालों का जवाब देते हुए राउत ने कहा कि शिवसेना को सौ से ज्यादा सीटें मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को महाराष्ट्र की बेहतरी के लिए काम करने की सलाह दी।

शिवसेना के बागी नेता गुलाबराव पाटिल जो शिंदे गुट में शामिल हुए हैं उन्होंने विधानसभा में आरोप लगाया था कि इस वर्तमान संकट के लिए उद्धव ठाकरे के करीबी चार लोग जिम्मेदार है। इस पर राउत ने कहा कि वही चार लोग जिन्होंने आपको सत्ता दी। और वो चारों अभी भी पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।

राउत ने कहा कि जिन चार लोगों की वजह ढाई साल तक सत्ता में रहे, उन्हीं चारों को आज बदनाम किया जा रहा है। उद्धव ठाकरे अच्छी तरह जानते है कि वह अभी तक पार्टी के प्रति निष्ठावान है। राउत ने कलामनूरी सेना के विधायक संतोष बांगड पर भी निशाना साधा जिसने सोमवार को शिंदे के पक्ष में मतदान किया था।

दौसा जिले में कार एवं पिकअप के टकराने पर यूपी के 4 युवकों की मौत

जयपुर। राजस्थान के दौसा जिले के सैंथल थाना क्षेत्र में कार और पिकअप के आपस में टकराने से आज सुबह चार युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले ये युवक राजस्थान में कहीं जा रहे थे कि उनकी कार सुबह सैंथल थाना क्षेत्र में बापी इलाके में सामने से आ रही पिकअप गाड़ी से टकरा गई।

बताया जा रहा है कि कार सवार लोग कानपुर से खाटू श्याम जी दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान दौसा के बापी गांव के समीप सामने से आ रही पिकअप से भिड़ंत हो गई और यह हादसा हो गया।

सेटल थाना अधिकारी अजीत बड़हरा ने बताया कि इस हादसे में सानू वर्मा, आकाश वर्मा और नीरज वर्मा निवासी नमस्ता, जिला कानपुर और कर्मेन्द्र चतुर्वेदी निवासी गांधीनगर कानपुर की मौत हो गई।

वहीं पिकअप सवार अलवर जिले के महेश व सुनील कोली घायल हुए है, जिनको जयपुर रैफर किया गया है। इसके अलावा दीपांशु सोनी निवासी श्याम नगर, कानपुर का दौसा जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा अस्थाई रूप से स्थगित

श्रीनगर। केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में मंगलवार सुबह खराब मौसम के कारण पहलगाम और बालटाल मार्ग पर अमरनाथ यात्रा अस्थाई रूप से स्थगित कर दी गई है।हिम शिव लिंग की 43 दिवसीय तीर्थयात्रा पिछले सप्ताह शुरू हुई थी।

अधिकारियों ने बताया कि पहलगाम के नुनवान और गंदेरबल के बालटाल आधार शिविर से किसी भी तीर्थयात्री को पवित्र गुफा की ओर नहीं जाने दिया जा रहा है। जून 30 से अबतक करीब 71,000 तीर्थ यात्रियों ने पवित्र गुफा में हिम शिव लिंग के दर्शन किए हैं। अमरनाथ यात्रा 11 अगस्त को समाप्त होगी।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर में आज कई जगहों पर मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 36 घंटों में कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यात्रा मार्ग पर आज ज्यादातर बादल छाए रहने की संभावना है।