Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 801 -
होम ब्लॉग पेज 801

फ्रेंच ओपन : मैराथॉन मुकाबले में राफ़ेल नडाल ने नोवाक जोकोविच को हराया

पेरिस। फ्रांस की राजधानी पेरिस में चल रहे फ्रेंच ओपन में राफ़ेल नडाल ने अपने धुर प्रतिद्वंदी नोवाक जोकोविच को क्वार्टरफाइनल में हराते हुए अपने 15वें सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। फिलिप चेट्रीर कोर्ट में बुधवार को चार घंटे 12 मिनट चले मुकाबले में नडाल ने जोकोविच को 6-2, 4-6, 6-2, 7-6 (4) से मात दी।

हार के बाद जोकोविच ने कहा कि महत्वपूर्ण क्षणों में वह बेहतर खिलाड़ी साबित हुए। उन्होंने दिखाया कि वह एक चैम्पियन क्यों हैं। वहां मानसिक रूप से मज़बूत रहना और मैच को इस तरह ख़त्म करना तारीफ के काबिल है। उन्हें और उनकी टीम को बधाई, कोई शक नहीं कि वह इसके हक़दार हैं।

नडाल ने कहा कि यह रात मेरे लिए बहुत भावुक करने वाली रही है। मैं इस तरह के मुकाबलों के लिये ही अब तक टेनिस खेल रहा हूं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ़ एक क्वार्टरफाइनल मैच है। मैं अभी कुछ जीता नहीं हूं। मैंने सिर्फ अपने आप को दो दिन बाद कोर्ट पर लौटने का मौक़ा दिया है। रोलैंड गैरोस में एक और सेमीफाइनल खेलना मेरे लिये बहुत मायने रखता है।

सेमीफाइनल में नडाल का मुकाबला ज़्वेरेव से होगा जो स्पेन की युवा सनसनी कार्लोस एल्काराज़ को बेहद करीबी मुकाबले में हराकर इस पड़ाव पर पहुंचे हैं। कोर्ट फिलिप चेट्रीर में ही मंगलवार को हुए मुकाबले में जर्मनी के ज़्वेरेव ने एल्काराज़ को तीन घंटे 18 मिनट चले मुक़ाबले में 6-4, 6-4, 4-6, 7-6(7) से शिकस्त दी थी।

कश्मीर मामले में चुप्पी नहीं, लगातार एक्शन जारी : जेपी नड्डा

भोपाल। कश्मीर में आतंकवादियोंं द्वारा आम नागरिकों को निशाना बनाए जाने के मामले पर भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज कहा कि सरकार इन घटनाओं पर चुप नहीं है और लगातार एक्शन चल रहा है।

नड्डा ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि इस मामले में चुप्पी नहीं साधी गई है। लगातार एक्शन चल रहा है। भारत सरकार की इन मामलों को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति है।

उन्होंने कहा कि कश्मीर में अभी तक कोई स्थानीय निकाय चुनाव नहीं करवा पाया था। पिछले दिनों वहां शांति से चुनाव हुए। वहां शांति स्थापित होने से आतंक चाहने वाले ‘फ्रस्ट्रेशन’ में हैं।

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की ओर से पिछले दिनों लंदन में भारत के बारे में दिए गए बयान के बारे में नड्डा ने कहा कि गांधी की यहां कोई नहीं सुनता, इसलिए वे वहां जाकर बोलते हैं। ज्ञानवापी मस्जिद के मामले पर भाजपा अध्यक्ष ने बेहद संक्षिप्त उत्तर देते हुए कहा कि पार्टी संविधान और न्यायालय पर विश्वास करती है।

इसके पहले उन्होंने मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के नेतृत्व में हुए विकास की जानकारी देते हुए विस्तार से आंकड़े भी पेश किए। इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान, पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।

राजस्थान बोर्ड : सीनियर सेकेंडरी विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के परीक्षा परिणाम जारी

अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने आज सीनियर सेकेंडरी विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए।

अजमेर स्थित बोर्ड मुख्यालय पर प्रशासक लक्ष्मीनारायण मंत्री व सचिव मेघना चौधरी ने संयुक्त रूप से परिणाम जारी किए। विज्ञान वर्ग का परिणाम 96.58 प्रतिशत तथा वाणिज्य वर्ग का परिणाम 97.53 प्रतिशत रहा।

बोर्ड प्रबंधन ने इस बार मैरिट लिस्ट जारी नहीं करने का फैसला भी लिया है। हालांकि आज आये परिणाम में एक बार फिर छात्राओं ने बाजी मारी है। परिणाम बोर्ड की अधिकृत वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया है।

बोर्ड सूत्रों के अनुसार अगले दस दिनों में यह परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि आज घोषित परिणामों की परिक्षाएं 26 अप्रैल को सम्पन्न हुई थी। जिनमें विज्ञान वर्ग में दो लाख 32 हजार पांच तथा वाणिज्य वर्ग में 27 हजार 339 विद्यार्थियों का पंजीकरण रहा।

कांग्रेस सरकार की चौथी बार बाड़ेबंदी की योजना : राजेन्द्र सिंह राठौड़

जयपुर। राजस्थान में उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर सरकार बचाने के लिए विधायकों की बाड़ेबंदी करने की योजना बनाने का आरोप लगाया हैं।

राठौड़ ने केन्द्र की मोदी सरकार के आठ साल सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को लेकर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार के आगामी नवम्बर में चार वर्ष पूरे हो जाएंगे और मुख्यमंत्री की हिम्मत नहीं कि वह सरकार उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड किसी भी वर्ष जनता के बीच लेकर जाए।

रिपोर्ट कार्ड देखा जाए तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस के गुजरात प्रभारी रघु शर्मा ने कहा है कि हालात बदतर से बदतर है और अब चुनाव हो जाए तो कांग्रेस सरकार 15 सीटों पर सिमट जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामांकन के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री ने बाड़ाबंदी की बात कही। कुल मिलाकर इससे पहले यह पहली हुकुमत है कि जिसने 58 दिन तक बाड़ाबंदी में गुजारे। एक रिकार्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा पर होर्स ट्रेडिंग का आरोप लगा रहे हैं जबकि यह तो पूरा हाथी ही निगल गए।

डा राठौड़ ने कहा कि गहलोत के राज्य सरकार के बाड़ेबंदी के दौरान विधायकों को 35 करोड़ रुपए का आफर देने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि झूठी बात करके भ्रमाने की कोशिश करने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रस के चिंतन शिविर के बाद उसके कुछ विधायकों का विरोध एवं नाराजगी भी सामने आ रही है।

ED का धन शोधन मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी को नोटिस

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल हेराल्ड से संबंधित धन शोधन मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को नोटिस दिया है।

सूत्रों के अनुसार केन्द्रीय एजेन्सी ने कांग्रेस नेताओं को ये नोटिस कुछ दिन पहले जारी किये। सूत्रों का कहना है कि इन दोनों नेताओं से आगामी आठ जून को पूछताछ की जा सकती है।

इस बीच, कांग्रेस ने कहा है कि यह मामला जांच एजेन्सी ने सात वर्ष पहले ही बंद कर दिया था लेकिन अब इसका इस्तेमाल कांग्रेस नेताओं को डराने तथा परेशान करने के लिए किया जा रहा है।

कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सुरजेवाला और कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने नोटिस भेजे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि आजादी से पहले ब्रिटिश सरकार ने नेशनल हेराल्ड की आवाज दबाने की कोशिश की थी और अब मोदी सरकार भी प्रवर्तन निदेशालय की आड में कांग्रेस की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।रिपोर्टों के अनुसार नेशनल हेराल्ड मामला कथित रूप से 2000 करोड़ रुपए की राशि के दुरुपयोग से संबंधित है।

लॉरेंस बिश्नोई ने दिल्ली हाई कोर्ट से याचिका वापस ली

नई दिल्ली। पंजाबी गायक सिद्धू मूसावाला की हत्या के बाद सुर्खियों आए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में दायर अपनी याचिका वापस ले ली।

न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की एकल पीठ के समक्ष बिश्नोई की याचिका सुनवाई के लिए सूचीबद्ध की गई थी। तिहाड़ जेल में बंद बिश्नोई ने पंजाब पुलिस की हिरासत में फर्जी मुठभेड़ में मारे जाने की आशंका व्यक्त करते हुए याचिका दायर की थी।

बिश्नोई ने पुलिस हिरासत के दौरान पर्याप्त सुरक्षा की गुहार लगाते हुए याचिका दायर की थी, लेकिन उसने यह दलील देते हुए अपनी याचिका वापस लेते हुए कहा कि वह पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के समक्ष याचिका दायर करेगा।

गैंगस्टर बिश्नोई ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि पंजाब पुलिस उसकी हिरासत की मांग कर सकती है और हिरासत की अनुमति मिलने के बाद पुलिस उसे नकली मुठभेड़ में मार सकती है।

जानेमाने गायक मूसवाला की पिछले हफ्ते अज्ञात लोगों ने उस वक्त उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह अपने एसयूवी वाहन से कहीं जा रहे थे। पंजाब पुलिस ने अपनी प्रारंभिक जांच में मूसावाला की हत्या में बिश्नोई गिरोह के शामिल होने की आशंका व्यक्त की थी।

बारां में 7 वर्षीय बालिका से ज्यादती के आरोपी को आजीवन कारावास

बारां। राजस्थान के बारां में अदालत ने सात वर्षीय मासूम बच्ची से ज्यादती के आरोप में एक युवक को आजीवन कारावास की सजा सुनाई हैं।

न्यायालय विशिष्ठ न्यायाधीश लैंगिग अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 तथा बालक अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम 2005 संख्या-1 की पीठासीन अधिकारी जिला न्यायाधीश संवर्ग अल्का गुप्ता ने जिले के कवाई थाना क्षेत्र में सात वर्षीय एक बालिका से ज्यादती के आरोपी बृजमोहन उर्फ भाया सहरिया (23)निवासी कोल्हूखेड़ा को यह सजा सुनाई।

अदालत ने उस पर 50 हजार रूपए का जुर्माना भी लगाया है। विशिष्ट लोक अभियोजक पोक्सो क्रम संख्या एक घासीलाल वर्मा ने बताया कि 24 अक्टूबर 2019 को पीड़ित बालिका के पिता ने उसकी सात वर्षीय पुत्री के साथ ज्यादती करने का मामला आरोपी बृजमोहन के खिलाफ दर्ज कराया गया था।

झांसी में साड़ी की दुकान में लगी भीषण आग, दो की मौत

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में कोतवाली थानाक्षेत्र में एक साड़ी की दुकान और ऊपर बने आवासीय हिस्से में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे के समय ऊपरी हिस्से में परिवार के नौ लोग सो रहे थे।

नीचे साड़ी की दुकान से उठी आग पूरी तेजी से ऊपरी माले तक पहुंच गई और इसकी चपेट में आकर बुर्जुग दम्पती की मौत हो गई पुलिस और पड़ोसियों की मदद से परिवार के सात अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

पुलिस ने बताया कि आज तड़के कोतवाली थानाक्षेत्र के नरिया बाजार स्थित साड़ी सेंटर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की व कई थानों की पुलिस समेत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार व एसएसपी शिवहरी मीना भी मौके पर पहुंच गए।

दमकल व स्थानीय लोगों की मदद से आग में फंसे सभी 9 लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया। इसमें अजय व संजय समेत सात लोगों को रेस्क्यू कर बचा लिया गया जबकि श्रीराम अग्रवाल (70) व उनकी पत्नी शांति देवी (68) गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए भेजा गया। वहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

बचाव कार्य में कोतवाली थानाध्यक्ष तुलसी राम पांडे घायल हो गए और फायर ब्रिगेड के दो जवान हरिशरण सिंह व एक अन्य भी झुलस गए। पांडे को भी उपचार के लिए मेडिकल भेजा गया जहां फेंफड़ों में काफी धुंआ भरने के कारण उनको सांस लेने में परेशानी हो रही थी जिसके बाद उन्हें ऑक्सीजन स्पोर्ट पर रखा गया है। दोनों पुलिसकर्मियों का भी उपचार किया जा रहा है। घटनास्थल पर अब आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।

गौरतलब है कि नरिया बाजार में पूनम साड़ी भण्डार के नाम से श्रीराम अग्रवाल की दुकान है। तीन मंजिला बिल्डिंग में श्रीराम अपने दोनों बेटे अजय व संजय साथ ऊपरी हिस्से में बने निवास में रहे हैं। आज सुबह लगभग चार बजे नीचे साड़ी सेंटर में अचानक आग लग गई जो जल्द ही ऊपरी हिस्से तक जा पहुंची।

जब तक घर वालों की आंख खुली तब तक आग ने भयंकर रूप ले धारण कर लिया। पूरे परिवार के बीच दहशत में चीख पुकार मचने लगी। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और आग बुझाने व लोगों को निकालने के प्रयास में जुट गए।

हादसे की भीषणता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि प्रशासन ने मदद के लिए सेना को भी बुला लिया। हालांकि तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था।
बताया जा रहा है कि दुकान में आग लगने के बाद सबसे पहले शांति देवी की आंख खुली। उन्होंने परिवार के अन्य सभी लोगों को जगाया। बचावकार्य में परिवार के लोगों को तो बचा लिया गया किंतु शांति देवी व उनके पति की बुरी तरह झुलसने के कारण मौत हो गई।

आग की चपेट में आकर घर के ऊपरी हिस्से में रखे चार गैस के सिलेंडरों में भी एक के बाद एक धमाके हुए और इलाके दहशत फैल गई। सिलेंडरों के आग पकड़ने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिस पर दमकल विभाग के लोगों ने पुलिस की मदद से कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया।

सत्येन्द्र जैन ने खुद मानी मनी लॉण्ड्रिंग की बात, केजरीवाल कैसे बचाव करेंगे : स्मृति ईरानी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन को आप के मुखिया एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा क्लीन चिट दिये जाने पर आज तगड़ा पलटवार किया तथा कहा कि 56 शेल (फर्जी) कंपनियों के मालिक जैन ने स्वयं ही 16.39 करोड़ रुपए की धनशोधन की आय स्वीकार की है तो फिर केजरीवाल किस मुंह से उन्हें पाक साफ बता रहे हैं।

भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आप नेता अरविंद केजरीवाल ने कल एक ‘भ्रष्ट व्यक्ति’ को क्लीन चिट दी।

अपने प्रेस के उद्बोधन में उन्होंने यह घोषणा की है कि सत्येन्द्र जैन के खिलाफ जो आरोप हैं, वे सभी तथ्यों से बहुत दूर हैं। चूंकि केजरीवाल ने सत्येन्द्र जैन को जनता की अदालत में बरी कर दिया। इसलिए आज वह कुछ प्रश्न पूछने के लिए विवश हैं।

ईरानी ने पूछा कि क्या केजरीवाल इस बात को स्पष्ट कर सकते हैं कि सत्येन्द्र जैन ने चार शेल कंपनियों को अपने परिवार के सदस्यों के माध्यम से 16.39 करोड़ रुपए की, 56 शेल कंपनियों के माध्यम से, हवाला ऑपरेटर के सहयोग से, 2010-16 तक मनी लॉन्ड्रिंग (धन शोधन) की या नहीं।

उन्होंने यह भी पूछा कि क्या ये सत्य है कि प्रधान आयकर आयुक्त ने इस बात को कहा कि 16.39 करोड़ रुपये के कालेधन के सही मालिक स्वयं सत्येन्द्र जैन हैं। क्या ये सत्य है कि दिल्ली उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने 2019 के अपने एक आदेश में इस बात की पुष्टि की कि सत्येन्द्र जैन ने मनी लॉन्ड्रिंग की है, तो फिर श्री केजरीवाल किस मुंह से उन्हें पाक साफ बता रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि अरविंद केजरीवाल के पास अदालत के आदेश की प्रति नहीं है तो भाजपा के कार्यकर्ता उन्हें ये दस्तावेज उपलब्ध कराने में प्रसन्नता अनुभव करेंगे।

केन्द्रीय मंत्री ने पूछा कि क्या ये सत्य है कि सत्येन्द्र जैन शेल कंपनियों के मालिक हैं। इन शेल कंपनियों के नाम हैं- इंडो मैटेलिक इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड, अकिंचन डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, प्रयास इन्फो सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, मंगलायतन प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड। ये कंपनियां वे अपनी पत्नी के साथ शेयर होल्डिंग के माध्यम से कंट्रोल करते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या ये सत्य है कि इस कालेधन के माध्यम से सत्येन्द्र जैन ने दिल्ली के कई इलाकों में 200 बीघा जमीन का मालिकाना हक अपने लाभ में लिया।

ईरानी ने पूछा कि केजरीवाल जी क्या ये सत्य है कि सत्येन्द्र जैन आज भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत आरोपपत्र में मुख्य आरोपी हैं? क्या ये सत्य है कि 16.39 करोड़ रुपए मनी लॉन्ड्रिंग की जो आय है, उस पर टैक्स लगाया जाए, ये प्रस्ताव स्वयं सत्येन्द्र जैन की कंपनियों का था। सत्येन्द्र जैन ने स्वयं स्वीकार किया कि 16.39 करोड़ रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग, हवाला कारोबार के माध्यम से की गई, केजरीवाल जी क्या ऐसा व्यक्ति आज भी आपकी सरकार का मंत्री बना रहना चाहिए।

ईरानी ने कहा कि केजरीवाल को अच्छी तरह से पता था कि सत्येन्द्र जैन काले धन को सफेद करने के कारोबार से जुड़े हैं। उन्होंने वर्ष 2016 में स्वघोषित आय योजना में उन्होंने मनी लॉन्ड्रिंग की आय घोषित की थी। ऐसे व्यक्ति को मंत्री बनाना और मामला खुलने पर भी उसका बचाव करना, केजरीवाल के दोहरेपन को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने कहा है कि भ्रष्टाचार करना देशद्रोह करना होता है तो केजरीवाल अब बताएं कि एक देशद्रोही उनके मंत्रिमंडल में क्यों है।

होशियारपुर में 16 वर्षीय लड़की का अपहरण कर होटल में रेप

होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर में एक 16 वर्षीय लड़की के अपरहण औैर बलात्कार के आरोप में पुलिस ने एक अधेड़ ग्रामीण के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता आठवीं कक्षा तक पढ़ने के बाद अब घरेलू कार्य करती है। शिकायत के अनुसार 29 मई को गांव के सीतल राम ने पीड़िता का अपहरण किया और हिमाचल प्रदेश के एक होटल में ले जाकर जबरदस्ती की।

आरोपी ने पीड़िता को दूसरे दिन गांव लाकर छोड़ दिया। पीड़िता ने जब अपने अभिभावकों को इसकी जानकारी दो तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

मेहतियाना पुलिस थाना प्रभारी प्रभजोत कौर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण, बलात्कार और पोक्सो की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसकी तलाश जारी है।