अलवर में 180 किलोग्राम सिंथेटिक पनीर जब्त

0

अलवर। राजस्थान के अलवर में होली पर्व को देखते हुए 24 फरवरी से दो मार्च तक चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत खैरथल-तिजारा के खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने करीब 180 किलोग्राम मिलावटी एवं सिंथेटिक पनीर जब्त करके उसे मौके पर ही नष्ट करवाया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बुधवार को बताया कि विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेवात क्षेत्र से मिलावटी एवं सिंथेटिक पनीर सुबह के समय किशनगढ़ और खैरथल क्षेत्र में बिक्री के लिए लाया जाता है।

इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सुबह करीब छह बजे किशनगढ़ सर्किल पर नाकाबंदी करके एक कार को रुकवाया। उसकी जांच करने पर उसमें रखी पांच पेटियों में करीब 180 किलोग्राम पनीर मिला। मौके पर मौजूद मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन से पनीर की जांच की गई, जिसमें पनीर मिलावटी और सिंथेटिक पाया गया।

वाहन चालक ने पूछताछ में बताया कि यह पनीर किशनगढ़ एवं खैरथल कस्बे में 170 प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जाता है। विभाग द्वारा पनीर के नमूने लेकर खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजे गये और करीब 180 किलोग्राम सिंथेटिक, मिलावटी एवं बदबूदार पनीर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।

एक ही रात में चोरों ने तीन मंदिरों में बोला धावा

अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में चोरों ने मंगलवार रात तीन बड़े प्राचीन मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। मंदिर के पुजारी ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे जयपुर मार्ग स्थित शिव मंदिर में चोरों ने मंदिर के दान पात्र और तालों को तोड़ा और चांदी के छत्र, भगवान की माला एवं बर्तन और सामान लेकर फरार हो गए।

सूत्रों ने बताया कि इसके बाद पुराना भूरा सिद्ध मंदिर और अय्यप्पा मंदिर में भी चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया, लेकिन अय्यप्पा मंदिर में चोर मंदिर के ताले नहीं तोड़ पाए। इसलिए उनको सफलता नहीं मिली, जबकि शिव मंदिर और पुराना भूरा सिद्ध मंदिर में चोरों ने चोरी कर ली। शिव मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की हरकत कैद हो गई। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर रही है।

ज्वेलर्स की दुकान पर चोरी

अलवर एनईबी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक ज्वेलर्स की दुकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात पर हाथ साफ कर दिए। पीड़ित व्यापारी ओम प्रकाश ने बताया कि उनकी ज्वेलर्स की दुकान मन्नाका रोड, फौजी कॉलोनी में स्थित है। मंगलवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गये थे। देर रात करीब एक बजे अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर भीतर प्रवेश किया और पूरा सामान चोरी कर लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित के अनुसार चोरी में करीब चार लाख रुपए का नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

भिवाड़ी में चोरी का आरोपी अरेस्ट

खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शादी समारोह के दौरान हुई चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि 23 फरवरी को सुनील शिकायत दर्ज करायी कि 22 फरवरी की रात उसकी बहन की शादी के दौरान परिवार के लोग घर से करीब 80 मीटर दूर टेंट में थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान की दीवार फांदकर घर में घुस गए और करीब आठ हजार रुपए और दो चांदी की अंगूठियां चोरी कर ले गए।

उन्होंने बताया कि इस पर पुलिस ने तकनीकी एवं पारंपरिक तरीकों से जांच करते हुए आरोपी मिथुन (28) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे से एक चांदी की अंगूठी और 1500 रुपए नगद बरामद किए गए हैं।