कोटड़ा की बीके पाठशाला में आतिशबाजी के बीच मना दीपोत्सव, आध्यात्मिक उमंग के साथ बांटी खुशियां

0

अजमेर। दीपावली के पावन पर्व पर अजमेर के कोटड़ा स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बीके पाठशाला में उत्साह, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच दीपोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों और भाइयों ने एक साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। फुलझड़ियों और आतिशबाजी से पाठशाला परिसर रोशनी से जगमगा उठा।

कार्यक्रम के दौरान सेवाधारियों ने फुलझड़ियां जलाकर और जमीन चकरी चलाकर दीपावली का आनंद लिया। रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी के बीच सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में पारिवारिक आत्मीयता, आपसी स्नेह और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला।

ईश्वरीय सौगात भेंट कर दी शुभकामनाएं

इस अवसर पर बीके पुरुषोत्तम भाई ने उपस्थित सेवाधारियों को ईश्वरीय सौगात भेंट की और दीपावली की मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में बीके पुरुषोत्तम भाई, जीतू भाई, ऋषभ भाई, बीके इंदिरा बहन, बीके रूपा बहन और गीतू सहित बड़ी संख्या में सेवाधारी मौजूद रहे। सभी ने आयोजन में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और मिलकर पर्व की खुशियां मनाईं।

बाहरी रोशनी के साथ मन को भी प्रकाशित करने का संदेश

दीपावली के अवसर पर ब्रह्माकुमारी परिवार ने आध्यात्मिक संदेश देते हुए कहा कि दीपक की लौ केवल घरों और वातावरण को ही रोशन नहीं करती, बल्कि यह जीवन में ज्ञान और सकारात्मकता का प्रतीक भी है। जिस प्रकार दीपक अंधकार को दूर करता है, उसी प्रकार मनुष्य को अपने भीतर से अज्ञानता, क्रोध, अहंकार और नकारात्मक विचारों को समाप्त करना चाहिए।

सभी को जीवन में प्रेम, पवित्रता, सद्भावना और शांति के गुण अपनाने का संदेश दिया गया। आध्यात्मिक उमंग, सामूहिक सहभागिता और आतिशबाजी के बीच आयोजित यह दीपोत्सव बीके पाठशाला के सेवाधारियों के लिए यादगार बन गया।