अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र में सोमवार को ट्रैक्टर और टेम्पो की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जयसिंहपुरा निवासी सुनील जाटव (32) और नरेश जाटव (28) अपने गांव के ही मुकेश, प्रेम और मिथलेश के साथ अशोक लीलैंड फैक्ट्री में कार्य करते थे। सोमवार देर रात करीब एक बजे फैक्ट्री से छुट्टी होने के बाद सभी रोजाना की तरह गांव के टेंपो से जयसिंहपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान सहजपुर गांव के पास पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टेम्पो टकरा गया।
आमने-सामने की टक्कर से सुनील और नरेश की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि मुकेश, प्रेम और मिथलेश गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अलवर के तीन अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव अस्पताल के शवगृह में रखवा दिए। आज पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए।



