भोपाल में शादी का झांसा देकर 29 वर्षीय युवती से रेप

0

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर 29 वर्षीय युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता पेशे से मेकअप आर्टिस्ट है। उसकी करीब एक माह पहले सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम के माध्यम से रोहित परमार से पहचान हुई थी। आरोपी कॉलेजों में प्रवेश दिलाने का कार्य करता है।

प्राथमिकी के अनुसार आरोपी युवती को घुमाने के बहाने एक होटल ले गया, जहां उसने शादी का आश्वासन देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने लगभग एक माह तक शादी का भरोसा देकर उसका यौन शोषण किया और बाद में विवाह करने से इनकार कर दिया।

इसके बाद पीड़िता ने रातीबड़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।