दिल्ली में छठ महापर्व का समापन, हजारों श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य

0

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी पूजा में हुईं शामिल
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। यमुना नदी के विभिन्न घाटों और शहर के सैकड़ों जलाशयों पर हजारों की संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु एकत्रित हुए। व्रतियों ने उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व के कठिन निर्जला व्रत का पारण शुरू हुआ।

इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी आईटीओ के निकट हाथी घाट पहुंचीं। उन्होंने छठ व्रतियों के साथ पूजा-अर्चना की और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक छठ गीतों में भी सहभागिता की और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व करोड़ों लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ा हुआ है। यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, पारिवारिक एकजुटता, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश देती है। यह अनुष्ठान जीवन में नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मकता का संचार करता है।

1,435 से अधिक घाटों पर हुए आयोजन

दिल्ली सरकार के अनुसार राजधानी में छठ पूजा के लिए 1,435 से अधिक घाटों की व्यवस्था की गई थी। इनमें यमुना किनारे बनाए गए घाटों के अलावा विभिन्न कॉलोनियों, पार्कों और जलाशयों के आसपास अस्थायी पूजा स्थल भी शामिल रहे। आईटीओ, हाथी घाट, कालिंदी कुंज, सोनिया विहार और मूनक नहर सहित अनेक स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा की।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुबह 4:30 बजे से चली मेट्रो

छठ व्रतियों को सुबह के अर्घ्य के लिए घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए दिल्ली मेट्रो ने विशेष व्यवस्था की। सोमवार सुबह 4:30 बजे से मेट्रो सेवाएं शुरू की गईं। शुरुआती घंटों में सभी लाइनों पर 15 मिनट के अंतराल से ट्रेनें संचालित की गईं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिली।

घाटों पर सुरक्षा, सफाई और भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस, होमगार्ड, सिविल डिफेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई। संवेदनशील स्थानों पर गोताखोरों की टीमें भी मुस्तैद रहीं। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी गई।

36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद हुआ पारण

छठ महापर्व के अंतिम दिन व्रतियों ने सूर्योदय से पहले ही घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य की आराधना शुरू कर दी थी। सूर्य की पहली किरण दिखाई देने के साथ ही दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया गया। इसके बाद छठी मैया की पूजा कर व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण करते हुए लगभग 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन किया।

चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में पहले दिन नहाय-खाय, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को ऊषा अर्घ्य दिया जाता है। दिल्ली में छठ के समापन के साथ ही घाटों पर गूंजते पारंपरिक गीतों और पूजा-अर्चना का वातावरण भक्तिमय हो गया।