बेलगावी में भाजपा विधायक के गनर ने रची 2.68 करोड़ की लूट की साजिश

0

छह साथियों समेत अरेस्ट; 2.39 करोड़ रुपए बरामद
बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी जिले में 2.68 करोड़ रुपए की लूट की कोशिश का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस साजिश का कथित मास्टरमाइंड भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री रमेश जारकीहोली का गनर निकला। पुलिस ने गनर सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2.39 करोड़ रुपए नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी चिदानंद कुराबेट जिला सशस्त्र रिजर्व (डीएआर) में कांस्टेबल है और विधायक रमेश जारकीहोली के सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात था। उसके साथ गिरफ्तार किए गए छह अन्य आरोपियों की पहचान संजीव अरभावी, राजाराम, रमेश मल्यागोल, प्रकाश, राघवेंद्र कोप्पड और रामप्पा तालावर के रूप में हुई है। सभी आरोपी बेलगावी जिले के निवासी बताए गए हैं।

30 प्रतिशत अतिरिक्त रकम देने का दिया लालच

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी चिदानंद ने व्यवसायी कलमेश रंगापुर को रकम बढ़ाकर लौटाने का लालच दिया था। उसने कथित तौर पर प्रस्ताव रखा कि प्रत्येक एक लाख रुपये नकद देने पर उनके बैंक खाते में 1.30 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाएंगे। यानी नकद रकम पर 30 प्रतिशत अतिरिक्त भुगतान का भरोसा दिलाया गया।

इस प्रस्ताव पर विश्वास करके कलमेश ने अपने रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य लोगों से उधार लेकर कुल 2.68 करोड़ रुपए एकत्रित कर लिए। बताया गया है कि वह पहले भी शिवानंद एसोसिएट्स से जुड़े कथित वित्तीय घोटाले में नुकसान उठा चुका था।

खेत के शेड में मिर्च पाउडर डालकर लूटने की थी योजना

पुलिस के मुताबिक 30 अक्टूबर को आरोपियों ने कलमेश और उसके साथियों को मुडलगी तालुका के संगनकेरी गांव स्थित एक फार्म शेड में नकदी की गिनती करने के बहाने बुलाया। योजना के तहत वहां पहुंचते ही आरोपियों को समूह पर हमला कर उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालना था और नकदी लेकर फरार होना था।

हालांकि, कलमेश को पहले से किसी गड़बड़ी की आशंका हो गई थी। उसने अपने कुछ लोगों को पहले ही सतर्क कर दिया था। जैसे ही आरोपी शेड में पहुंचे और हमला कर नकदी लूटने की कोशिश की, वहां मौजूद लोगों ने उनका मुकाबला किया। हमलावरों को काबू में कर उनकी पिटाई की गई और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।

दोनों पक्षों की ओर से दर्ज हुई शिकायतें

घटना के बाद मुडलगी पुलिस थाने में दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें दर्ज कराई गईं। कलमेश ने आरोप लगाया कि उससे 2.68 करोड़ रुपए लूटने का प्रयास किया गया और घटनाक्रम के दौरान करीब 25 लाख रुपए गायब हो गए। वहीं, मुख्य आरोपी चिदानंद ने भी घटना के 24 घंटे के भीतर दूसरी शिकायत दर्ज कराते हुए अपने साथियों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कथित लूट की साजिश का खुलासा करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया। बरामद नकदी की कुल राशि 2.39 करोड़ रुपए बताई गई है। शेष रकम की तलाश और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

विधायक रमेश जारकीहोली का मामले से संबंध नहीं : पुलिस

बेलगावी के पुलिस अधीक्षक के. रामराजन ने स्पष्ट किया है कि इस कथित लूट की साजिश में विधायक एवं पूर्व मंत्री रमेश जारकीहोली की कोई भूमिका सामने नहीं आई है। पुलिस के अनुसार चिदानंद ने अपने स्तर पर साथियों के साथ मिलकर इस वारदात की योजना बनाई थी। आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किए जाने के बाद सेवा से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अधिक मुनाफे और रकम दोगुनी करने जैसे प्रलोभनों से सावधान रहने की अपील की है।