धौलपुर : दो कारों की टक्कर में 3 लोगों की मौत, 13 अन्य घायल

0

धौलपुर। राजस्थान में धौलपुर के सैयां थाना क्षेत्र में बुधवार को आगरा-ग्वालियर राजमार्ग पर बीएससी की परीक्षा देने आगरा जा रहे छात्रों की कार एक अन्य कार से टकराने से दोनों कारों में सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुणाल कॉलेज के पास एक कार का टायर फटने से वह अनियंत्रित हो गई और दूसरी लेन में आ रही एक अन्य कार से टकरा गई। इससे एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों में छात्रों की कार के धौलपुर निवासी चालक रिंकू और दूसरी कार में सवार दतिया निवासी विवेक तिवारी और मीना शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि घायलों में परीक्षा देने जा रहे कार सवार छात्र सुमित, साहब, मनमोहन, राहुल, जितेंद्र, रोहित, अभिषेक और दूसरी कार में सवार उर्मिला, राखी, शिव, मनीष, राघव और सुमित शामिल हैं। सभी घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए आगरा-ग्वालियर राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।