किशनगढ़ डंपिंग यार्ड में इजराइली महिला पर्यटक से अभद्रता के वायरल वीडियो पर पुलिस का एक्शन; 4 अरेस्ट

0

अजमेर/किशनगढ़। राजस्थान के अजमेर जिले में पर्यटन स्थल के रूप में पहचान बना चुके किशनगढ़ मार्बल डंपिंग यार्ड में एक इजराइली महिला पर्यटक के साथ कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अजमेर पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे चार युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

वायरल वीडियो में विदेशी महिला पर्यटक डंपिंग यार्ड घूमती दिखाई देती है। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवक उसके साथ बातचीत करते हुए कथित रूप से अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं। महिला हिंदी नहीं समझ पाने के कारण शुरुआत में टिप्पणियों का अर्थ नहीं समझ पाती, लेकिन बाद में मामले की जानकारी होने पर असहज नजर आती है।

वीडियो हाल में सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ तो अजमेर पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस ने महिला अथवा किसी अन्य व्यक्ति की औपचारिक शिकायत का इंतजार करने के बजाय स्वतः संज्ञान लेकर वीडियो की जांच शुरू की। तकनीकी साधनों और स्थानीय आसूचना तंत्र की मदद से वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की गई।

विशेष टीम ने दबिश देकर चारों को पकड़ा

अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि और अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लालचंद कायल और पुलिस उपाधीक्षक किशनगढ़ धर्मराज चौधरी के सुपरविजन में गांधीनगर थाना पुलिस की विशेष टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई की है। घटना को लेकर अलग से प्रकरण दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान किए जाने की बात भी कही गई है।

करीब तीन साल पुराना बताया जा रहा वीडियो

मामले में एक अहम तथ्य यह सामने आया है कि सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा वीडियो हाल का नहीं है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक घटना करीब तीन साल पुरानी है और वीडियो कथित तौर पर वर्ष 2022 में महिला पर्यटक की भारत यात्रा के दौरान बनाया गया था। पुराने वीडियो के अब बड़े पैमाने पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और उन तक पहुंची।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय वहां और कौन-कौन मौजूद था और वीडियो किन परिस्थितियों में बनाया गया।

पर्यटकों की सुरक्षा और सम्मान से समझौता नहीं : पुलिस

अजमेर पुलिस ने मामले में सख्त संदेश देते हुए कहा है कि विदेशी पर्यटकों के साथ अभद्रता तथा महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पर्यटन स्थलों पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।

किशनगढ़ का मार्बल डंपिंग यार्ड सफेद संगमरमर के विशाल ढेरों के कारण पिछले कुछ वर्षों में लोकप्रिय पर्यटन और फोटो शूट स्थल के रूप में उभरा है। यहां बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में विदेशी महिला पर्यटक से अभद्रता का वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।