झालावाड़ में पीपलोदी स्कूल की छत गिरने से 5 बच्चों की मौत, 20 घायल

झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहरथाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पीपलोदी गांव में सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय की छत गिरने से पांच बच्चों की मौत हो गई जबकि करीब 20 बच्चे घायल हो गए।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने भरतपुर के सर्किट हाउस में मीडिया को हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि पीपलोदी गांव की मिडिल स्कूल में यह दुखद हादसा सामने आया है और इसमें पांच बच्चों की मृत्यु हो गई और लगभग 20 बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।

दिलावर ने बताया कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। शिक्षा मंत्री ने बताया कि हादसे के बाद वह अपना भरतपुर डीग का दो दिवसीय दौरा रद्द कर झालावाड़ के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने बताया कि सुबह घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने आला अधिकारियों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया था। कलक्टर एवं अन्य कई अधिकारी मौके पर है और शासन सचिव (शिक्षा) कृष्ण कुणाल को भी झालावाड़ पहुंचने के लिए बोला गया है।

एक सवाल के जवाब में मदन दिलावर ने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में विद्यालय के भवन जर्जर अवस्था में है और उनकी मरम्मत एवं ठीक करने के लिए 200 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की गई हैं।

हादसे के बाद राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने गहरा दुख प्रकट किया हैं। बागडे ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।

इसी तरह शर्मा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि झालावाड़ के पीपलोदी में विद्यालय की छत गिरने से हुआ दर्दनाक हादसा अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। घायल बच्चों के समुचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

बिरला ने इस हादसे को बेहद पीड़ादायक बताते हुए इस दुखद दुर्घटना में दिवंगत हुए बच्चें को श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करने तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भी हादसे पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि झालावाड़ ज़िले के मनोहरथाना ब्लॉक में एक सरकारी स्कूल की बिल्डिंग गिरने से जनहानि की दुखद सूचना अत्यंत व्यथित करने वाली है। उन्होंने कहा कि मैंने इस संदर्भ में स्थानीय प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली है। त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए कहा है। उन्होंने ईश्वर से घायल बच्चों को शीघ्र और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने एवं दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसी तरह उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह सिंह डोटासरा तथा अन्य कई नेताओं ने हादसे पर गहरा दुख जताया।

झालावाड स्कूल हादसा : सरकार पर बरसे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा

विपक्ष को हादसे के समय में नहीं करनी चाहिए राजनीति : मदन राठौड़