बालोतरा : ट्रेलर के पीछे कार के टकराने से 5 लोगों की मौत, 3 घायल

0

बालोतरा। राजस्थान में बालोतरा जिले के पचपादरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात को ट्रेलर के पीछे स्कॉर्पियो कार के टकराने से पांच लोगों की मौत हाे गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गये हैं।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बीती देर रात भांडियावास के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे जा रहे एक ट्रेलर के पीछे टकरा गई। इससे स्कॉर्पियो में सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो मेें फंसे लोगों को निकाला और बालोतरा के नाहटा अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि पांच घायलाें को जोधपुर भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि दो घायलों की जोधपुर जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। तीन घायलाें को जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों में रेवता राम, स्वरूपाराम, भरत कुमार, किशन और भावेश शामिल हैं जबकि बाबूराम, मुकेश कुमार और हेमाराम उपचाराधीन हैं। हादसे के शिकार सभी बायतु के कानोड़ गांव के थे। पुलिस घटना की जांच कर रही है।