अलवर : कार में आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोगों की जलकर मौत

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक कार में आग लगने से हुई पांच लोगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने घटना की जांच के आदेश दिए है।

चौधरी ने बताया कि मृतकों की पहचान हो गई है। मृतकों में परिवार का मुखिया संतोष भील (35), उसकी पत्नी शशि, सास पार्वती, पत्नी मनभर और पुत्री रागिनी और साक्षी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इस गाड़ी की भी जांच की जाएगी कि इसमें गैस किट बाहर से लगवाई है या कंपनी की है। इसकी तकनीकी रूप से जांच कराई जाएगी। साथ ही गाड़ी की फिटनेस की जांच भी कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि यह सूचना रात को मिली थी कि एक अर्टिगा कार में आग लगी है जिसमें पांच लोगों की जलकर मौत हो गई। चालक शीशा तोड़कर बाहर निकला है। वह भी गंभीर रूप से घायल है जिसका जयपुर के एसएमएस में उपचार किया जा रहा है। उन्होंंने बताया कि पोस्टमार्टम करवाकर डीएनए सैंपल लिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि चालक की पत्नी से बात हुई है। वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। जयपुर एसएमएस में उसका इलाज किया जा रहा है। इस परिवार का मुखिया संतोष है जो वैष्णो देवी से अपने घर लौट रहे थे। चालक विनोद करीब 80 फ़ीसदी झुलस गया है।

उल्लेखनीय है कि कल रात करीब 11 बजे मौजपुर के समीप मुंबई दिल्ली एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 115 एक कार में आग लग जाने से पांच लोगों की जलकर मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया।