मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक सड़क हादसे में कार सवार पिता और उसके दो पुत्रों समेत छह लोगाें की मृत्यु हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। इसी थाना क्षेत्र में एक अन्य हादसे में बस पलटने से 28 यात्री घायल हो गए जिनमें 10 की हालत गंभीर बनी हुई है।
बल्देव थाना प्रभारी रंजना सचान ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे नोएडा से आगरा माइल स्टोन 140 किलोमीटर पर आज सुबह एक इको गाड़ी को किसी अज्ञात वाहन में टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने आगरा के बाह क्षेत्र निवासी धर्मवीर,उनके पुत्र रोहित और आर्यन, दलवीर उर्फ छुल्ले, पारस सिंह तोमर और रोहित के दोस्त की मृत्यु हाे गई। हादसे में घायल धर्मवीर की पत्नी सोनी और पुत्री पायल की गंभीर हालत को देखते हुये आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि एक अन्य हादसे में यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 131 के पास दिल्ली से मध्य प्रदेश के भिंड जा रही एक बस के सुबह करीब साढ़े तीन बजे पलटने से उसमे सवार 28 यात्री घायल हो गए जिनमें गंभीर रुप से घायल 10 यात्रियों को आगरा के सरोजनी नायडू मेडिकल कालेज रेफर किया गया है वहीं 18 का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छौली भेजा गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नौ घायलों को जिला अस्पताल मथुरा भेज दिया। बस में 60 यात्री सवार थे। घायलों में दिल्ली, भिंड, मुरैना, छतरपुर, रायपुर और झांसी के यात्री शामिल हैं।